आजमगढ़: भाजपा कहती थी कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे, लेकिन इतने साल गुजर गए, अब तक किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। यदि हुई होती तो आज किसान आंदोलन को विवश नहीं हुए होते। देश में बेरोजगारी बढ़ी है, रोजगार कम हुए हैं। रोजगार तभी बढ़ता है जब देश की तरक्की होती है तो आप समझ ही गए होंगे कि देश की तरक्की हो रही है कि नहीं। ये बातें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ के दौरे पर आने के दौरान अतरौलिया डाक बंगले में मीडिया से रूबरू होते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। गन्ने के बकाये का भुगतान नहीं हो रहा है। बिजली काफी महंगी हो गई है। डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इसके चलते महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। सरकार किसी भी चीज को नियंत्रित नहीं कर पा रही है। जहां तक रोजगार देने की बात है तो इसमें भी भाजपा की सरकार फेल है। किसान नाराज है और दिल्ली में धरने पर बैठा है।
आखिर ऐसी स्थिति उत्पन्न ही क्यों हुई है। इस पर सरकार को मंथन करना चाहिए। किसानों की आय डेढ़ से दोगुनी करने के वादे के साथ भारतीय जनता पार्टी के लोग सत्ता में आए थे, लेकिन आज तक ऐसा कर पाने में वे सफल नहीं हो सके।
समाजवादी लोग सिर्फ यही चाहते हैं कि सरकार ऐसी एमएसपी दे जिससे किसानों की आय दोगुनी हो जाए। पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार को सड़क मार्ग से अपने संसदीय क्षेत्र में पूर्व विधायक वसीम अहमद के घर उनके निधन पर परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए आ रहे थे।
इसके पूर्व उन्होंने डाक बंगला अतरौलिया में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मीडिया से भी रूबरू हुए। इस दौरान विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूर्व प्रमुख चंद्रशेखर, महाप्रधान चंद्रजीत यादव, जगदीश पांडेय, चेयरमैन सुभाष चंद्र जायसवाल, सचिन जायसवाल समेत काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं के बीच बैठे और खिंचवाई फोटो
सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से वर्तमान में सांसद भी हैं। अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचने के पूर्व अतरौलिया कस्बा स्थित डाक बंगले पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जहां उनका स्वागत विधायक डॉ. संग्राम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठे और उनके साथ फोटो व सेल्फी भी खिंचवाई।