ताज़ा खबरें
कुणाल कामरा के समर्थन में संजय राउत बोले- ये तो अपुन जैसा निकला
दिल्‍ली का एक लाख करोड़ रुपये का बजट पेश, टैंकरों में लगेंगे जीपीएस

विशाखापत्तनम: दिल्ली कैपिटल्स ने कमाल कर दिया। आशुतोष शर्मा और विपराज निगम ने दिल्ली को हारी हुई बाजी जिता दी। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन बनाए थे। जवाब में एक समय दिल्ली कैपिटल्स ने 65 पर 5 और 113 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए थे। फिर आशुतोष शर्मा ने 31 गेंद में 66 और विपराज निगम ने 15 गेंद में 39 रनों की पारी से लखनऊ के जबड़े से मैच छीन लिया। आशुतोष मैच जिताकर नाबाद लौटे। उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के निकले।

निकोलस पूरन और मिचेल मार्श की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 210 रन का लक्ष्य रखा था। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 209 रन बनाए। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने तीन और कुलदीप यादव ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा विपराज निगम और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की खराब शुरुआत हुई थी। जैक फ्रेजर मैकगर्क एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद एम सिद्धार्थ ने समीर रिजवी को पंत के हाथों कैच कराया।

शुरुआती ओवरों में तीन विकेट गंवा चुकी दिल्ली कैपिटल्स को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अक्षर पटेल ने फाफ डु प्लेसिस के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी निभाई। कप्तान को दिग्वेश राठी ने निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। वह 11 गेंदो में 22 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, डुप्लेसिस ने 29 रन बनाए।

इसके बाद मोर्चा ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष शर्मा ने संभाला। दोनों ने दिल्ली की जीत की नींव रखी। स्टब्स 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए जबकि आशुतोष 66 रन बनाकर नाबाद रहे। वह अंत तक डटे रहे और मैच जिताऊ प्रदर्शन के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की। उनके अलावा दिल्ली के लिए विपराज निगम ने 39, मिचेल स्टार्क ने दो, कुलदीप यादव ने पांच और मोहित शर्मा ने एक* रन बनाया। लखनऊ के लिए शार्दुल, सिद्धार्थ, दिग्वेश और बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए।

इस मैच में लखनऊ की शुरुआत तेज हुई थी। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई जिसे विपराज निगम ने तोड़ा। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मार्करम को अपना शिकार बनाया। वह 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मोर्चा निकोलस पूरन और मार्श ने संभाला। दोनों ने महज 42 गेंदों में 87 रनों की पार्टनरशिप की। मार्श ने 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। वह छह चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 72 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, पूरन ने 24 गेंदों में पचासा जड़ा। वह 30 गेंदों में 75 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्टार्क ने बोल्ड किया।

बतौर कप्तान 50वां टी20 मैच खेलने उतरे लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत खाता खोले बगैर आउट हुए। उन्हें कुलदीप यादव ने डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। इस मैच में लखनऊ के लिए आयुष बडोनी ने चार शाहबाज अहमद ने नौ और डेविड मिलर ने 27* रन बनाए। वहीं, पंत के अलावा शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई ने कोई रन नहीं बनाया। दिग्वेश राठी खाता खोले बगैर नाबाद रहे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख