लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रिकवरी रेट को लेकर सीएम योगी ने भी संतोष जताया है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में रविवार को 94.58 प्रतिशत रिकवरी बढ़ी है। पिछले 24 घंटे में 1950 संक्रमित ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में इस समय कोरोना के 22160 एक्टिव केस हैं। रविवार को 1993 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 7924 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। दिसंबर महीने में पॉजिटिव रेट 1.2 प्रतिशत चल रहा है। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले एक लाख 79 हजार 972 सैंपल्स का टेस्ट किया गया था। अब तक कुल 20308636 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।
दो करोड़ से अधिक टेस्ट करने वाला पहला राज्य बना उत्तर प्रदेश
शनिवार को उत्तर प्रदेश दो करोड़ से अधिक कोरोना नमूनों की जांच करने वाला देश का पहला राज्य बना। इस पर सीएम योगी ने संतोष जताया।
शनिवार को प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने इस बात की जानकारी दी थी। इससे पहले एक करोड़ से अधिक टेस्टिंग करने वाला राज्य भी उत्तर प्रदेश ही था। लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमित मोहन प्रसाद ने ये बात कही थी।
उन्होंने बताया था कि शुक्रवार को राज्य में कुल 1 लाख 66 हजार 938 कोरोना सैंपल्स की जांच की गई थी। इसी के साथ राज्य दो करोड़ से अधिक कोरोना टेस्टिंग करने वाला राज्य बन गया। यूपी में अभी तक कुल 2 करोड़ 1 लाख 28 हजार 312 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रसाद ने कहा कि देश के किसी और राज्य द्वारा इतने टेस्ट नहीं किए गए हैं।