लखनऊ: समाजवादी पार्टी में जारी कलह के बीच अखिलेश यादव ने नरेश उत्तम को यूपी अध्यक्ष बना दिया है। अखिलेश समर्थकों ने पार्टी ऑफिस पर कब्जा कर लिया है और शिवपाल सिंह की नेमप्लेट हटा दी है। प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने होने के बाद नरेश सपा कार्यालय पहुंचे और कार्यालय पर कब्जा कर लिया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव से जुड़ी चीजों को वहां से हटा दिया। कार्यालय में सपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए नरेश ने अध्यक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश का आभार जताया और कहा कि वह सपा को मजबूत करेंगे। कार्यकर्ताओं के सपा कार्यालय पहुंचने से हंगामा मच गया। पार्टी कार्यालय पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। राष्ट्रीय अधिवेशन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का शिवपाल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के बाद यह दूसरा बड़ा फैसला है। हालांकि, लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में 1 जनवरी 2017 को आयोजित हुए राष्ट्रीय अधिवेशन को सपा संसदीय बोर्ड ने अवैध घोषित किया है, लेकिन अखिलेश इससे बेखबर नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अधिवेशन में कई प्रस्ताव लाए गए। जिसमें पहला अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करना।
दूसरा शिवपाल सिंह यादव को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाना व तीसरा अमर सिंह को पार्टी से निकालना रहा है।