ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

थौरा-मोरान (असम): केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने पहली बार स्वीकार किया कि पठानकोट में आतंकी हमले के तार उसकी धरती से जुड़े हुए हैं। असम में चुनावी सभा में सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान यह निरंतर कहता आ रहा था कि भारत में आतंकी गतिविधियों में उसकी कोई संलिप्तता नहीं है। परंतु अब उसने पठानकोट हमले को स्वीकार किया और प्राथमिकी दर्ज की। उनका जांच दल यहां है और हमारा दल पाकिस्तान जा रहा है।’ सिंह ने कहा, ‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षता और सकारात्मक राजनीतिक क्षमता के कारण हुआ है। दुनिया के सभी देश स्वीकार कर रहे हैं कि भारत की ताकत बढ़ रही है। मोदी ने वैश्विक परिदृश्य में भारत का महत्व स्थापित किया है।’ कांग्रेस पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री ने कहा, ‘मेरा पूरा जीवन राजनीति में बीता है, लेकिन मैं कभी देश की जनता को गुमराह करने की राजनीति में नहीं पड़ा।

दुलियाजान (असम): असम की कांग्रेस सरकार पर बांग्लादेश से होने वाली घुसपैठ को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि केंद्र की राजग सरकार घुसपैठ को रोकने के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा को पूरी तरह से सील कर देगी । यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, ‘ बांग्लादेश के बनने के बाद से ही घुसपैठिये लगातार भारत में प्रवेश कर रहे हैं। बांग्लादेशी घुसपैठिये भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिये भारत में प्रवेश कर रहे हैं । इसका क्या कारण है ? आपने (कांग्रेस) उन्हें क्यों नहीं रोका ? आपने भारत.बांग्लादेश सीमा को पूरी तरह से सील क्यों नहीं किया? ’ इस दिशा में अपनी सरकार की ओर से उठाये गए कदमों को रेखांकित करते हुए सिंह ने कहा कि कुछ महीने पहले वह भारत-बांग्लादेश सीमा पर गए थे और उन्होंने बांग्लादेश सरकार के साथ भी इस बारे में चर्चा की ।

दीफू (असम): राहुल गांधी ने असम में मतदाताओं से विधानसभा चुनाव में भाजपा को खारिज करने की अपील करते हुए मंगलवार को कहा कि यदि यह सत्ता में आती है तो नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय या प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से राज्य का शासन चलेगा। उन्होंने लोगों को यह चेतावनी भी दी कि भाजपा राज्य में सिर्फ हिंसा भड़काएगी और कांग्रेस द्वारा बनाए गए शांति के माहौल को खत्म करेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां कर्बी जिले में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘हम चाहते हैं कि हर कोई सोचे और हर किसी की संस्कृति, भाषा के लिए काम करे तथा देश में किसी को नहीं कुचला जाए। भाजपा असम में क्या चाहती है। पहले वे आएंगे और आपका वोट मांगेंगे और फिर असम का शासन यहां से नहीं होगा, बल्कि नागपुर या प्रधानमंत्री कार्यालय से होगा।’ राहुल ने कहा कि भाजपा जहां कहीं गई है यह हिंसा लायी है और इसने शांति में खलल डाला है। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण दिया जहां सत्ता में उसके आने के कुछ ही महीनों के अंदर जाट और गैर जाट समुदायों के बीच हिंसा हुई।

रंगपारा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में निर्णायक जनादेश के लिए लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव की बयार सत्तारूढ़ कांग्रेस को असम से निकाल फेंकेगी। असम के सोनितपुर जिले में ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी क्षेत्र में बसे रंगपारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह बात की। असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चार और 11 अप्रैल को दो चरणों में होंगे। राज्य में विधानसभा की 126 सीटें हैं। असम में चार रैलियों को संबोधित करते हुए शनिवार को मोदी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की। मोदी ने रैली में आए लोगों से कहा, ‘‘आज मेरा कार्यक्रम 10 बजे था और मैं हैरान हूं कि लोग इतनी जल्दी कैसे आए? यहां सड़कें भी नहीं हैं, लेकिन मैं इतनी भीड़ को देखकर खुश हूं। मैं आश्वस्त करता हूं कि आपका यह प्यार विकास कार्यों के जरिये सूद समेत वापस करूंगा।’’ मोदी ने आगे कहा, ‘‘इस समय मैं यहां बदलाव की बयार को देख सकता हूं, जो सत्तारूढ़ कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी। 15 वर्ष की बुरी सरकार का अंत होगा और विकास का नया सूर्योदय होगा।’’ असम में लोगों की समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने लोगों से भाजपा तथा उसके गठबंधन को निर्णायक जनादेश देने की अपील की।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख