लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य की समाजवादी सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य किया है। राज्य सरकार ने सन्तुलित विकास का एक ऐसा माॅडल अपनाया है, जिसमें एक ओर वल्र्ड क्लास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे है तो दूसरी ओर सामाजिक सुरक्षा से सम्बन्धित समाजवादी पेंशन योजना है। यह योजना राज्य सरकार द्वारा अपने संसाधनों से लागू की गयी है। प्रदेश सरकार राज्य के चतुर्मुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना पर तेजी से काम किया गया है और हाल ही में इसका ट्रायल रन शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने यह विचार आज (सोमवार) आईटी काॅलेज में क्रिस्मस से पहले आयोजित होने वाले ‘कैण्डिल लाइट सर्विस’ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। इस अवसर पर उन्होंने ईसाई समुदाय को क्रिस्मस की बधाई देते हुए कहा कि ईसा मसीह का शान्ति, क्षमा, करुणा, दया व सेवा का संदेश हम सबके लिए अनुकरणीय है, क्योंकि ये सभी गुण सहअस्तित्व एवं समाज को एक सूत्र में बांधे रखने के लिए अत्यन्त आवश्यक है। दुनिया के सभी धर्म लोकतंत्र के आधारभूत जीवन मूल्यों तथा विश्व शान्ति की शिक्षा देते हैं। यादव ने कहा कि हमारे देश में विभिन्न धर्म और भाषाएं हैं। इस विविधता के बावजूद हम सब एक-दूसरे के धर्माें का आदर करते हुए सदियों से एक साथ रह रहे हैं, यह एक बड़ी बात है। सभी धर्माें के लोग सदियों से एक-दूसरे के त्योहारों में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटी काॅलेज का शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान है। छात्राओं को शिक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर और अच्छा नागरिक बनाने का काम इस संस्थान द्वारा अच्छी तरह से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह ने अपने जीवन और कृतित्व से मानवता को अच्छी और सच्ची शिक्षा प्रदान की। ईसाई मिशनरीज ने देश के दूर-दराज क्षेत्रों में शिक्षा एवं सेवा का प्रचार-प्रसार किया। इस समुदाय द्वारा स्थापित विभिन्न शिक्षण संस्थान और चिकित्सालय समाज में अपनी अलग पहचान रखते हैं।