ताज़ा खबरें
महाकुंभ हादसा:अस्पतालों के बाहर खड़े परिजनों को नहीं दिया जा रहे शव

उन्नाव: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विदेश दौरों के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि ज्यादातर विदेश में रहने वाले मोदी की इस कवायद का लाभ हिन्दुस्तान को नहीं मिला। साथ ही उन्होंने कहा कि वह कन्नौज की बेटी और उन्नाव की बहू हैं और अब प्रदेश में सरकार वही बनाएंगी। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुई शीला ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान जो वादे किये थे, उनमें से कितने पूरे हुए यह तो पूरा देश जान गया है। उन्होंने कहा ‘हमारे प्रधानमंत्री जी ज्यादातर समय तो विदेश में रहते हैं। उनकी गतिविधियों की खबरें बनती हैं लेकिन उनके इन दौरों से हिन्दुस्तान को कोई फायदा नहीं मिला।' शीला ने कहा कि विपक्षी दल उन्हें (शीला दीक्षित को) बाहरी नेता के तौर पर प्रचारित कर रहे हैं लेकिन सचाई इसके उलट है। वह पंजाब में जरूर जन्मी हैं लेकिन राजनीति की शुरुआत उत्तर प्रदेश के कन्नौज से की थी। दिल्ली की लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी शीला ने कहा कि जब उन्होंने दिल्ली की सत्ता सम्भाली थी, तब राज्य में समस्याओं का अम्बार लगा था लेकिन 15 वर्षों के शासनकाल में उन्होंने सारी समस्याएं हल कर दीं। उन्होंने कहा कि वह यही दृष्टि और सोच को लेकर उत्तर प्रदेश में आयी हैं। पूर्व सांसद अन्नू टण्डन के आवास पर पत्रकार वार्ता में शीला के साथ पहुंचे पार्टी की चुनाव प्रचार अभियान समिति के चेयरमैन संजय सिंह ने तीसरे मोर्चे के गठबंधन के सवाल पर कहा कि हमारा गठबंधन जनता से होगा। किसी दूसरे से मोर्चे के गठबंधन की बात ही नहीं है।

जनता दल यू के शराब बंदी के एजेंडे पर संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने चुनाव घोषणापत्र में जनता के सामने सब कुछ साफ कर देगी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख