मेरठ (जनादेश ब्यूरो): सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम की निर्भय यात्रा को प्रशासन ने रोक दिया है। संगीत सोम ने मेरठ से कैराना तक 42 किलोमीटर की पैदल निर्भय यात्रा पार्टी के मना करने के बावजूद निकालने का फैसला किया था। लेकिन संगीत सोम की निर्भय यात्रा को मेरठ में ही रोक दिया गया। मेरठ प्रशासन ने उन्हें निर्भय यात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी। इस बीच संगीत सोम ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा है कि उन्होंने अपनी निर्भय यात्रा रोक दी है। लेकिन अगर 15 दिन के अंदर यहां की गुंडागर्दी खत्म नहीं हुई तो वह फिर यात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि कैराना के हालात अगर नहीं सुधरते हैं तो वह फिर यात्रा निकालेंगे। गौरतलब है कि राज्य भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने संगीत सोम से अपनी यात्रा रद्द करने की सलाह दी थी। कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा था कि वह नहीं चाहते कि संगीत सोम कैराना आए। संगीत सोम के अलावा एसपी नेता अतुल प्रधान की प्रस्तवित ‘सदभावना यात्रा’ पर भी रोक लगाई गई है। कैराना में हालात को देखते हुए धारा 144 भी लागू है। याद रहे कि भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने सबसे पहले एक लिस्ट जारी की थी जिसमें बताया गया था कि किस तरह हिन्दू कैराना से पलायन कर रहे हैं। इसके बाद तो देश भर का मीडिया कैराना में पहुंचा और अपने-अपने तरीके से पड़ताल की। सत्तारूढ़ सपा सरकार ने इस तरह के आरोपों से इंकार किया है।
पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है ताकि कोई असमाजिक तत्व फिजा में तनाव ना घोल पाए।