ताज़ा खबरें
'संघर्ष विराम में नहीं थी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता': विदेश सचिव मिस्री
मंत्री शाह को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, जांच के लिए एसआईटी गठित

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): दिल्ली विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण करने के बाद सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष के सभी विधायक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दफ्तर में उनसे मिलने पंहुचे हैं। महिलाओं को 2500 देने की योजना लागू करने की मांग को लेकर विपक्ष मुख्यमंत्री से मिलना चाहते है। सभी विपक्ष के विधायक हाथों में प्लेकार्ड भी लिए हुए हैं।

दिल्ली विधानसभा सत्र के बीच आम आदमी पार्टी विधायक संजीव झा ने कहा, "दिल्ली की जनता ने हमें विपक्ष में यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा है कि सरकार अपने वादे पूरे करे। हम उस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे।"

विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए प्रयासरत रहूंगी: रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दिल्ली के प्रति समर्पण का संकल्प! आज दिल्ली विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। शालीमार बाग मेरी कर्मभूमि है, लेकिन दिल्ली का हर नागरिक मेरा परिवार है। पूरे प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"

सीएम ने कहा कि "नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर, एक विकसित दिल्ली के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगी।"

दिल्ली में सच्चे लोकतंत्र का दिन': वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली की 8वीं विधानसभा के पहले सत्र पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "आज से दिल्ली की विधानसभा का जो सत्र शुरू हुआ है, सही मायने में दिल्ली में सच्चे लोकतंत्र का दिन है। पिछले 10 साल में इस विधानसभा सत्र के बहाने से मनमानी और तानाशाही का रवैया अपनाया गया था। मुझे उम्मीद है कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सही मायने में सार्थक बहस होगी और दिल्ली की विकास को लेकर चिंता होगी।"

जनता की आवाज बुलंदी से विधानसभा में उठाएंगे: आतिशी

आप नेता और विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि आज से दिल्ली विधानसभा का नया सत्र शुरू हो रहा है। दिल्ली के लोगों ने हमें विपक्ष की जिम्मेदारी दी है और हम दिल्ली की जनता की आवाज बुलंदी से विधानसभा में उठाएंगे। बीजेपी ने दिल्ली वालों को वादा किया था कि पहली कैबिनेट की बैठक में हर महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह देने की योजना पास होगी। लेकिन वो अभी तक नहीं हुई है। इस बात को हम विधानसभा में बुलंदी से उठाएंगे।

10 सालों में दिल्ली का बजट 77 हजार करोड़ पहुंचा: संजय सिंह

आप नेता एवं सांसद संजय सिंह ने कहा, "दिल्ली की जनता के लिए आप लगभग 2.5 गुना बजट बढ़ाकर गई है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में काम भी हुआ है और बजट भी बढ़ा है। 10 सालों में दिल्ली का बजट 32 हजार करोड़ से 77 हजार करोड़ पहुंचा है।"

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख