ताज़ा खबरें
पश्चिम बंगाल: बीरभूम में होली पर झड़प के बाद तनाव, इंटरनेट बंद
बिहार में अररिया के बाद अब मुंगेर में भी पुलिस अधिकारी की हत्या
सोनीपत में बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा की हत्या, पड़ोसी ने मारी गोली

मुंगेर: बिहार में पुलिसवालों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो दिन पहले भीड़ ने अररिया में एएसआई राजीव रंजन को मार डाला। अब मुंगेर में भीड़ ने एएसआई संतोष कुमार सिंह पर हमला कर उनकी जान ले ली। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने संतोष सिंह के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार कर दिया था। जिसके बाद इलाज के लिए उनको पटना अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शुक्रवार रात मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दो पक्षों में मारपीट की सूचना डायल 112 पर दी गई थी। एएसआई संतोष कुमार ड्यूटी पर तैनात थे। नंदलालपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट की खबर पाकर डायल 112 वाहन पर तैनात एएसआई संतोष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत नंदलापुर पहुंचे। दोनों पक्ष काफी आक्रोशित थे। पुलिस के बीच बचाव का उन पर कोई असर नहीं हुआ। भीड़ में से किसी ने गुस्से में आकर एएसआई संतोष सिंह के सिर पर धारदार हथियार से जबरदस्त हमला कर दिया। जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े। इस घटना में उनके सिर से काफी खून बहने लगा।

एएसआई संतोष सिंह की इलाज के दौरान मौत

डायल 112 टीम के अन्य सदस्य एएसआई को इलाज के लिए तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। इस घटना की सूचना थाना प्रभारी समेत जिले के सीनियर पुलिस पदाधिकारियों को दी गई। जिसके बाद घायल एएसआई को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एएसआई संतोष सिंह की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक महिला भी शामिल है।

अररिया में एएसआई की हत्या

13 मार्च को बिहार के अररिया जिले में पुलिस अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारी बुधवार रात एक वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की। इस घटना में उनकी मौत हो गई। राजीव रंजन मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले थे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख