ताज़ा खबरें
महाकुंभ हादसा:अस्पतालों के बाहर खड़े परिजनों को नहीं दिया जा रहे शव

आगरा: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कहा कि भाजपा आरक्षण ख़त्म करने की साज़िश कर रही है और इनके शासन में दलितों और मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा है। साथ ही मायावती ने कहा कि भाजपा सरकार के दो साल हो गए पर अब तक महंगाई क़ाबू में नहीं है। यहाँ बसपा की महारैली में पहुंची मायावती शुरू से ही आक्रामक अंदाज में नज़र आईं। उन्होंने अपने विरोधियों को तमाम मुद्दों पर घेरा पर मुख्य रूप से उनके निशाने पर भाजपा रही। उन्होंने कहा कि यूपी में इतने साल शासन के बाद भी भाजपा संघ के एजेंडे पर चलती है, विकास पीछे छूट जाता है। वहीं सवर्ण आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस की नीयत में खोट बताया । आज वे कोठी मीना बाजार स्थित विशाल मैदान में होने वाली रैली में तय समय से करीब सवा घंटा देर से पहुंचीं। इसके बाद उन्होंंने माइक संभाला और अपने चिर परिचित अंदाज़ में लिखित भाषण पढ़ना शुरू किया। उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा की मिलीभगत को वह जनता के सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के अच्छे दिन अभी भी नहीं आए। गरीबों को सस्ता राशन नही मिल रहा। मकान नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि दो साल में मजदूरों की मजदूरी कितनी बढ़ाई। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई। ऊपर से लैंड बिल ऐसा लाए जो किसानो को मंजूर नहीं था। छोटे व्यापारी तबाह हो रहे हैं। मोदी सरकार ने कर्ज माफ भी किया तो धन्ना सेठों का। मायावती ने कहा कि जनहित और जनकल्याण के मामले में मोदी सरकार पूरी तरह विफल रही।

वहीं उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हिंदुओं को अधिक बच्चे पैदा करने वाले बयान पर निशाने पर लिया। कहा, आखिर दो से ज्यादा बच्चों की रोटी की व्यवस्था केंद्र सरकार कैसे करेगी, यह भी बताए। दलितो के घरों में जाकर भोजन करने से क्या उनका सोशल स्टेटस सुधर जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के लोग नाटक ना करें। भाजपा सरकार में मुस्लिम और धार्मिक लोगों के साथ अन्याय बढ़ा है। लव जेहाद और देश भक्ति के नाम पर मुस्लिमों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इतना ही नहीं देश के राष्ट्रीय पर्वों का भी राजनीतिकरण किया जा रहा है। 15 अगस्त पर पीएम ने जो भाषण दिया वह जनता को धोखा देने वाला है। भाजपा प्रदेश की सत्ता पाने के लिए युद्ध तक भी जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा का सपना चकनाचूर करना होगा। वहीं सपा सरकार को निशाने पर लेते हुए बोलीं कि यूपी की सरकार ऑक्सीजन पर चल रही है। सपा की सरकार अराजकता के लिए जानी जाती है। गुंडों के मनोबल बढ़े हुए हैं। कब्जे हो रहे हैं। मुजफ्फरनगर, मथुरा और बिसाहड़ा कांड इसके उदाहरण हैं। सपा सरकार के विकास के दावे झूठे हैं। लखनऊ में मेट्रो चलाने की योजना मेरी थी। चाहे दिन हो या रात महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अगर मुख्यमंत्री उन्हें सुरक्षित नहींं रख सकते तो उनसे राखी क्यों बंधवा रहे हैं। बसपा आई तो प्रदेश में कानून का राज कायम होगा। भ्रष्टाचार खत्म होगा। छात्र, मजदूर, व्यापारी सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। आगरा के कारोबारियों का ध्यान रखेंगे। भीड़ देखकर गदगद मायावती ने यह भी जोड़ा कि आगरा-अलीगढ़ मंडल की भीड़ देखकर लगता है कि हमारी सरकार बनेगी। कांग्रेस आरक्षण के मुद्दे पर छल कर रही है। उसकी नीयत में खोट है। बसपा हमेशा आर्थिक आरक्षण की वकालत करती रही है।शीला वही बुजुर्ग महिला है जो कहती थी यूपी के लोग दिल्ली को गंदा करते हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख