ताज़ा खबरें
'संघर्ष विराम में नहीं थी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता': विदेश सचिव मिस्री
मंत्री शाह को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, जांच के लिए एसआईटी गठित

कन्नूर: राजनीतिक रूप से संवेदनशील कन्नूर जिले में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के गृह नगर में कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के एक युवा कार्यकर्ता की धारदार हथियार से आज हत्या कर दी गई। मारे गए कार्यकर्ता की पहचान रेमिथ के तौर पर की गई है। इस घटना से सत्तारूढ़ माकपा और भाजपा के बीच तनाव बढ़ गया है। इस हत्या के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने कल सुबह 6 बजे से राज्यभर में 12 घंटे का हड़ताल का आह्वान किया है। पुलिस ने कहा कि सुबह 10:30 बजे किए गए हमले में 25 वर्षीय रेमिथ के सिर और नाक पर गहरी चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। जब उसके उपर हमला हुआ, उस समय वह एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। आईजीपी (उत्तरी रेंज) दिनेन्द्र कश्यप ने बताया, ‘यह एक राजनीतिक हत्या जैसा लगता है। स्थिति अब नियंत्रण में है। गश्त लगाई जा रही है और स्थिति शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।’ इस हत्या की निंदा करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के गृह नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले गंभीर चिंता का कारण है और इससे राजनीतिक बदले की भावना की बू आती है।’

मालूम हो कि रेमिथ के पिता सी. उत्तमन की भी 2002 में इसी तरह हत्या कर दी गई थी और हाल ही में उनके घर पर किए गए हमले में रेमिथ की मां बुरी तरह घायल हो गई थीं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख