कोच्चि: केरल में आपसी मतभेद की वजह से कांग्रेस के अपना जनाधार खोने पर अफसोस जताते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी ने पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव की वकालत की और कहा कि जो लोग संगठन से दूर हो रहे हैं, उन्हें वापस लाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने के प्रयास के तहत भाजपा और माकपा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और उसके घटक दलों को जीतने की कोशिश कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘(पार्टी नेतृत्व में) पीढ़ीगत बदलाव की आवश्यकता है। हमारे जनाधार में रिसाव हो रहा है। हमें इसको समझना चाहिए। उन लोगों को वापस लाने का प्रयास किया जाना चाहिए जो पार्टी से दूर हो रहे हैं।’ उन्होंने पार्टी नेताओं से आपसी मतभेद को रोकने और उन कार्यकर्ताओं को वापस लाने के लिए काम करने का आह्वान किया जो कांग्रेस से दूर हो गए हैं। ‘राजीव गांधी सद्भावना संगमम’ को संबोधित करते हुए एंटनी ने कहा कि अगर कांग्रेस आपस में लड़ने वाले लोगों का अड्डा बनी रही तो लोगों की वापसी की बमुश्किल ही गुंजाइश है, जो पार्टी से दूरी रख रहे हैं।
यह कार्यक्रम राजीव गांधी की 72 वीं वषर्गांठ पर केपीसीसी ने आयोजित किया था।