ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

कटक: रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि अगस्तावेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पर्रिकर ने भाजपा नीत राजग सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित विकास पर्व के तहत यहां एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा, प्रवर्तन निदेशालय उनके (अगस्तावेस्टलैंड में शामिल लोगों) पीछे है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। नरेंद्र मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों का बखान करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस बात का पाठ पढ़ाया है कि सत्ता में रहकर कैसे स्वच्छ (बेदाग) रहा जाए। उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी को नेता का सबसे बेशकीमती खजाना मानते हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन दिनों सीमापार से घुसपैठ घट गयी है क्योंकि 70-75 फीसदी सशस्त्र घुसपैठियों का सफाया कर दिया जाता है।

बारगढ़: ओडिशा के बारगढ़ में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और साध्वी निरंजन ज्योति के काफिले पर हमला हो गया। सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजेडी) के कुछ विधायकों सहित पार्टी समर्थकों पर केंद्रीय मंत्रियों के काफिले पर हमले का आरोप है। बीजेडी समर्थकों ने केंद्रीय मंत्रियों के काफिले पर पथराव किया और काले झंडे भी दिखाए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय कपड़ा मंत्री गंगवार और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री निरंजन ज्योति को उस वक्त बीजेडी नेताओं के रोष का सामना करना पड़ा जब वे जिले में भाजपा की विकास पर्व रैली में शिरकत करने के लिए आए। केंद्र में मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी देश के अलग-अलग हिस्सों में विकास पर्व रैलियों का आयोजन कर रही है। अधिकारी ने बताया कि दोनों केंद्रीय मंत्रियों के दौरे और रैली के लिए पुलिस के कम से कम नौ प्लाटून (करीब 270 जवान) तैनात किए गए थे। प्रदर्शनकारी बीजद समर्थकों ने गंगवार की गाड़ी के सामने काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किए। उन्होंने बताया कि इस घटना में कम से कम तीन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इसमें वह गाड़ी भी शामिल है जिसमें गंगवार सफर कर रहे थे। बीजेपी के प्रदेश महासचिव भृगु बक्षीपात्रा ने आरोप लगाया, 'जब बीजेडी नेता और समर्थक काले झंडे दिखा रहे थे उस वक्त पुलिस मूकदर्शक बनी हुई थी।'

भुवनेश्वर: रिजर्व बैंक गवर्नर रघुराम राजन की निरंतर आलोचना करने वाले भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने आज कहा कि रिजर्व बैंक का प्रमुख एक सरकारी कर्मचारी है और उसका चुनाव लोकप्रियता के आधार पर नहीं किया जाता है। राजन के दूसरा कार्यकाल स्वीकार नहीं करने के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया में स्वामी ने कहा, ‘रघुराम राजन भारत सरकार के कर्मचारी हैं। हम कर्मचारियों का चयन लोकप्रियता के आधार नहीं करते।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे कई पत्रों में स्वामी ने राजन को यह कहते हुए पद से हटाने की मांग की थी कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह भारतीय नहीं हैं और वे गोपनीय तथा संवदेनशील वित्तीय सूचनाएं विश्व भर में भेजते हैं। राजन ने आज रिजर्व बैंक के कर्मचारियों को लिखे पत्र में कहा कि वह 4 सितंबर को केंद्रीय बैंक प्रमुख का कार्यकाल पूरा होने पर शिकागो लौट जाएंगे और पठन-पाठन के काम से जुड़ेंगे।

बालासोर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र है, सबका साथ सबका विकास है। मोदी ने गरीबों के सशक्तिकरण और देश से गरीबी उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों को रेखांकित करते हुए आज (गुरूवार) कहा कि भारत के गरीबों की अमीरी उनके उस रिण को चुकाने से पता चलती है जो उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बैंकों से लिया है।मोदी ने यह बात केंद्र की सत्ता में दो वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा की ओर से आयोजित आठ सभाओं की श्रृंखला के तहत यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जो लोग एसी रूम में बैठे हैं, उन्हें देश की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें बालासोर में आकर इस जनसमूह को देखना चाहए। यहां कोई चुनाव नहीं है, फिर भी इतनी भारी संख्या में लोग आए हैं। मोदी ने कहा, ‘‘भारत में गरीब लोगों की अमीरी इसमें है कि वे प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बैंकों से लिये गए रिणों का भुगतान कर देते हैं।’’ उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने छोटी व्यावसायिक गतिविधियों में लगे व्यवसायियों की वित्तीय सहायता के लिए एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शुरू की थी। योजना के तहत छोटे व्यापारी जमानत के बिना 50 हजार से 10 लाख रूपये तक की रिण सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश के 10 करोड़ गरीब परिवारों में से 3.5 करोड़ परिवारों ने योजना का लाभ उठाया है। उनमें से कुछ ने रिणों का भुगतान बैंकों को करना भी शुरू कर दिया है।’’

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख