नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को टिकट दिया है। सांसद के उपचुनाव लड़ाने के एलान के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। माना जा रहा है कि केजरीवाल पंजाब के जरिए राज्यसभा में एंट्री ले सकते हैं। इन चर्चाओंं को लेकर कांग्रेस और बीजेपी ने आप पर निशाना साधा है। वहीं आप इन अटकलों को खारिज कर रही है।
अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के जोर पकड़ने के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अफवाह है। पहले कहा गया कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे और अब कह रहे हैं कि वह राज्यसभा जा रहे हैं, यह बीजेपी का बहुत ही गलत तरीका है। अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं, लेकिन वह (बीजेपी) केजरीवाल को एक सीट से जोड़कर हमारी पार्टी को नीचा दिखाना चाहते हैं।
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा में जाने के सवाल पर कहा, "पहले यह कहा गया था कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि वह (केजरीवाल) राज्यसभा जाएंगे, यह दावा पूरी तरह से गलत है। केजरीवाल हमारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं और वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं हैं।"
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी पार्टी के लुधियाना पश्चिम से विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी का जनवरी में देहांत हो गया था। विधायक गोगी एक बेबाक अंदाज में जीने वाले व्यक्ति थे। उनके देहांत से खाली हुई सीट पर आप ने अपने राज्यसभा सांसद को टिकट दिया है। टिकट मिलने पर संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व का आभारी हूं।
लुधियाना के बड़े व्यवसायी संजीव अरोड़ा को आप की तरफ से मार्च 2022 में राज्यसभा का टिकट मिला था। संजीव अरोड़ा का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। उनका परिवार लुधियाना का रहने वाला है। उनका एक घर गुरुग्राम में भी है। अरोड़ा रियल स्टेट के कारोबारी हैं, इसके अलावा गुरुग्राम में गारमेंट्स का बड़ा कारोबार भी है। अब आप ने अरोड़ा को विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि हाल ही में दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। ‘आप’ के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी अपनी सीट से चुनाव हार गए है। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी को 48 सीटों पर जीत मिली है, जबकि ‘आप’ के खाते में 22 सीटें आई हैं। अब केजरीवाल न तो विधानसभा और न ही संसद के सदस्य रह गए हैं। ऐसे में चर्चा है कि केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाने की जुगत में हैं।