ताज़ा खबरें
आप को मिल रही 55 सीटें-महिलाएं जोर लगाए तो 60 ज्यादा: केजरीवाल
मेक इन इंडिया अच्छा आइडिया,पर सफल बनाने में फेल रहे पीएम: राहुल

लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां लोकभवन सभागार में नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास’का नारा देने वाले लखनऊ में आकर रामलीला के मंच से क्या नारा दे गए? उन्होंने केन्द्र सरकार पर यूपीए सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप भी लगाया। यादव वीमेन पॉवर लाइन 1090 की तरफ से पॉवर एन्जल्स (शक्ति परियों) को विशेष पुलिस अधिकारी का परिचय पत्र प्रदान कर रहे थे। उन्होंने कुल 25 पॉवर एन्जल्स को अपने हाथों परिचय पत्र दिया। समारोह में कुल 450 पॉवर एन्जल्स को परिचय पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर भी नाम लिए बगैर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि उन्हें तो बेटियों की ज्यादा चिन्ता होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। महिलाओं व बेटियों की सुरक्षा की चिन्ता सबसे ज्यादा समाजवादियों ने की। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती मायावती सरकार और केन्द्र की मौजूदा मोदी सरकार के कार्यों से अपनी सरकार के कार्यों की तुलना करने की चुनौती दी। उन्होंने सवाल किया कि जिन्हें प्रदेश की जनता ने 70 सांसद चुनकर दिए थे उन्होंने अच्छे दिन लाने के लिए क्या किया? उन्होंने यह भी कहा कि जरूरी नहीं कि चुनाव विकास व काम पर ही हो। वे चुनाव में कई नए मुद्दे लेकर आ जाएंगे। सपा सरकार ने महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए वीमेन पॉवर लाइन का मंच दिया। सम्भव है कि इसमें आने वाली शिकायतों के आंकड़े लेकर वे जनता को यह बताएं कि प्रदेश में अपराध बढ़े हैं।

एक बार उन्होंने सदन में अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले मरीजों के आंकड़े बताए थे। विपक्ष ने यह नहीं कहा कि लोगों का सरकारी अस्पतालों पर भरोसा बढ़ा है। वे यह कहने लगे कि सपा के शासन में लोग ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वीमेन पॉवर लाइन शुरू करने के लिए आईजी नवनीत सिकेरा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह इसी योजना पर काम करते रहे और जिसे लोग अच्छी पोस्टिंग समझते हैं वह उन्हें नहीं मिल पाई। यह शायद उनके साथ नाइंसाफी हो। उन्होंने कहा कि पहले इस योजना को हेल्पलाइन नाम दिया जाना था लेकिन मेरी पत्नी डिम्पल यादव ने इसे पॉवर लाइन नाम देने का सुझाव दिया। इससे यह सेवा महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बन सकी। इससे पहले मुख्य सचिव राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पण्डा व आईजी नवनीत सिकेरा ने वीमेन पॉवर लाइन और पुलिस आधुनिकीकरण की अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। समारोह में कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, एसपी यादव, विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह व मुख्यमंत्री के सलाहकार आलोक रंजन व डीजीपी जावीद अहमद भी मौजूद रहे। समारोह में विशेष पुलिस अधिकारी का परिचय पत्र पाने वाली पॉवर एन्जल्स को ‘अपमान सहन नहीं करेंगे’का संकल्प दिलाया गया। बताया गया कि पूरे प्रदेश में दो लाख पॉवर एन्जल्स को परिचय पत्र दिया जाएगा। इनका चुनाव स्कूलों की तरफ से ही किया गया है। समारोह में पॉवर लाइन सेवा से जुड़े आडियो व वीडियो का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें थारू समाज की लड़कियों के प्रशिक्षण का वीडियो भी दिखाया गया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख