नई दिल्ली: लोकसभा में पांच सांसदों वाली समाजवादी पार्टी की आवाज़ सिर्फ पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ही बुलंद नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनके भतीजे और बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव भी उनका बखूबी साथ दे रहे हैं। लोकसभा में सबसे ज्यादा सवाल उठाने वाले सांसदों की लिस्ट में वे तीसरे नंबर हैं। उन्होंने अब तक सदन में कार्यवाही के दौरान 453 सवाल किए हैं। इस लिहाज से वे सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मुलायम सिंह यादव जैसे वरिष्ठ सांसदों को पछाड़ते हुए उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा सक्रिय सांसदों की सूची में शामिल हो गए हैं। पीआरएस लेजिस्लेटिव की रिसर्च के मुताबिक, महाराष्ट्र के बारामती से राकांपा की सांसद सुप्रिया सुले 509 सवालों के साथ टॉप पर हैं। वे राकांपा शरद पवार की बेटी हैं। वहीं, पुणे के शरिूर से सांसद शिवाजी अधलराव पाटिल और महाराष्ट्र के हिंगोली से कांग्रेस पार्टी के सांसद राजीव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। दोनों ने अब तक 459 सवाल किए हैं। यूपी के बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव के नाम 453 सवाल हैं। इसके बाद हैदराबाद से सांसद असदउद्दीन ओवैसी का नंबर आता है।
उन्होंने अब तक 414 सवाल पूछे हैं। फिर लिस्ट में ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम आता है। उन्होंने 380 सवाल किए हैं। इसके बाद भाजपा सांसद अर्जुन मेघवाल ने अपनी ही पार्टी की सरकार से सबसे ज्यादा 309 सवाल किए हैं।