लखनऊ: जनता दल (यू) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने शनिवार को यहां कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यहां भी बिहार की तर्ज पर विभिन्न राजनीतिक दलों को एक साथ लाकर महागठबंधन बनाने की दिशा में कोशिश चल रही है। किसान मंच के एक कार्यक्रम के सिलसिले में यहां आये त्यागी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा को परास्त करने के लिए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की तर्ज पर विभिन्न राजनीतिक दलों का गठबंधन बनाने का प्रयास हो रहा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस संबंध में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजीत सिंह से बातचीत हुई है, मगर फिलहाल उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है। त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शैक्षणिक डिग्री के बारे में उठे विवाद पर कहा कि उन्हें इस मामले में अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। जद (यू) नेता ने बिहार में हुई शराब बंदी को कामयाब बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश की सरकार ने ऐसा करके एक ऐतिहासिक काम किया है, जिसका हर जगह स्वागत हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी शराब बंदी के लिए मुहिम छेड़ेगी।
त्यागी ने उत्तर प्रदेश के बुन्देलखंड अंचल में सूखे की स्थिति को बहुत गंभीर बताते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार को बिना राजनीतिक लाभ हानि की चिंता किये लोगों की समस्याओं के समाधान की हर संभव कोशिश करनी चाहिए।