ताज़ा खबरें
सिविल जज भर्ती के लिए न्यूनतम तीन साल की प्रैक्टिस का नियम बहाल
गुजरात के मंत्री का दूसरा बेटा भी मनरेगा घोटाला मामले में गिरफ्तार
अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी मिले शहीद का दर्जा: तेजस्वी यादव
'संघर्ष विराम में नहीं थी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता': विदेश सचिव मिस्री

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज (मंगलवार) दावा किया कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव और राजनीति के कार्य कर रही है और राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के लिए मेट्रो परियोजना मंजूर की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में राज्यपाल के संयुक्त संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हमने चुनावी घोषणापत्र में किये गये वायदों को ही नहीं पूरा किया है बल्कि आवश्यकता के अनुरूप अन्य परियोजनाएं भी शुरू की हैं। मेट्रो घोषणापत्र में नहीं थी लेकिन हम स्वच्छ शहरी परिवहन व्यवस्था देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।’’ अखिलेश ने कहा कि भाजपा के सदस्य समझ सकते हैं कि बिना किसी भेदभाव और राजनीति के हम किस तरह शहरी परिवहन व्यवस्था पर कार्य कर रहे हैं।

हमने महसूस किया कि इसकी आवश्यकता है और इसलिए हमने प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में मेट्रो परियोजना के लिए भी धन दिया है। उन्होंने कहा कि हम विकास और अन्य कार्यों को बिना इस बात की चिन्ता किये करते हैं कि ये कार्य विपक्षी दलों के विधायकों के क्षेत्र हैं या नहीं। अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। चाहे वे शहर के हों या गांव के। संतुलित रवैया अपनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि संपन्नता गांवों में भी पहुंची है और भावी सरकारें महिलाओं के लिए पेंशन जैसी योजनाओं को बंद नहीं कर पाएंगीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सदन में विदेश नीति पर चर्चा नहीं करना चाहते लेकिन हमने अपने पडोसी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाने की दिशा में प्रयत्न किया है। इस कडी में उन्होंने नेपाल भूकंप के समय राज्य की ओर से दी गयी मदद का उल्लेख किया। केन्द्र की सत्ताधारी पार्टी के लिए गंगा को बडा मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वे गंगा पर भी कारोबार करना चाहते हैं।’’

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख