नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने कहा है कि राज्य में उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जबर्दस्त प्रचार अभियान को प्रियंका गांधी ताकत देंगी और जनता सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के राजनीतिक इस्तेमाल की भाजपा की किसी भी कोशिश को खारिज कर देगी। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह विवादित एक समान नागरिक संहिता के मसले को उठाकर राज्य में धार्मिक आधार पर वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है। 78 वर्षीय दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी किसान यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। अगर प्रियंका सक्रिय भागीदारी का फैसला करती हैं तो यह पार्टी के लिए शानदार होगा। चुनाव के लिए पार्टी की तैयारी के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी की योजना क्षेत्रवार घोषण पत्र लाने की है, क्योंकि अलग-अलग क्षेत्र की समस्या अलग-अलग है। राज्य में किसी भी पार्टी के स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं करने का दावा करते हुए दीक्षित ने कहा कि अगली सरकार के गठन में पार्टी की अहम भूमिका होगी। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी चुनाव बाद बसपा या सपा के साथ गठबंधन करने से परहेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए फैसला किया जाएगा। उन्होंने राज्य में भाजपा की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक के मसले को उठाने की योजना की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में इससे पहले कभी भी सशस्त्र सेनाओं की वीरता का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए नहीं किया गया।