लखनऊ (जनादेश ब्यूरो): उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक में आज (सोमवार) अयोध्या में रामलीला थीम पार्क बनाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुहर लगा दी। वहीँ दूसरी ओर केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा 18 अक्तूबर को अयोध्या पहुंच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि महेश शर्मा यहां राम और रामायण म्यूजियम के लिए बड़ी रकम के साथ कई सौगातों की घोषणा कर सकते हैं। गौरतलब है कि चुनावी साल में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश में दशहरा समारोह में शामिल होने का फैसला किया था। लखनऊ के ऐशबाग में दशहरा पर लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने जय श्रीराम के नारे लगाए थे। चुनावी मुद्दे का संकेत दिया था। गौरतलब है कि अयोध्या-फैजाबाद को विश्व पर्यटन के नक्शे पर उभारने के उद्देश्य से यूँ तो केंद्रीय स्तर पर कई बार प्रयास किये गए हैं, लेकिन वह प्रयास परवान नहीं चढ़ सके । चार माह पूर्व अयोध्या दौरे पर आए केंद्रीय पर्यटन सचिव विनोद जुत्शी ने नगरी के विकास के लिए संभावित योजनाओं पर विमर्श किया था। कहा था कि अयोध्या में विकास के ऐसे ढांचे का निर्माण होना चाहिए जिसमें जो भी अयोध्या आए, वह राम और रामायण में खो जाए। वहीं केंद्रीय मंत्री के आने के एक दिन पहले यूपी के सीएम अखिलेश यादव अयोध्या में अलग इंटरनेशल थीम पार्क को मंजूरी दे दी है अब जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। यूपी सरकार के इस थीम पार्क में रामायण और रामलीला के प्रसंग दिखाई देंगे।
वहीं जानकारी में आया है कि सांस्कृतिक मंत्रालय ने राम म्यूजियम को भव्य बनाने के लिए इसकी ग्रांट 175 करोड़ को बढ़ाकर 225 करोड़ करने का फैसला लिया है।