ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

रायपुर: ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित छत्तीसगढ़ के गौरव और विख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे शाश्वत शुक्ल ने बताया कि 2 दिसंबर को स्वास्थ्य बिगड़ने पर 89 वर्षीय शुक्ल को रायपुर स्थित एम्स में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।

इससे पहले अक्टूबर में भी उन्हें सांस लेने में दिक्कत के चलते रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। तब हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और वे घर पर ही उपचार ले रहे थे। शाश्वत के अनुसार, मंगलवार को अचानक स्थिति फिर खराब हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल एम्स ले जाया गया।

विनोद कुमार शुक्ल हिंदी साहित्य की दुनिया में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उन्होंने 'नौकर की कमीज', 'खिलेगा तो देखेंगे', 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' और 'एक चुप्पी जगह' जैसे चर्चित उपन्यास रचे हैं।

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के सम्मेलन की अध्यक्षता की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि सम्मेलन के पहले दिन देश की सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया । इस सम्मेलन को क्षेत्र में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और नवाचारों को साझा करने का एक बेहतरीन मंच बताया।

तीन दिन का यह सम्मेलन कल नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान में शुरू हुआ। प्रधानमंत्री आज और कल सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में भाग ले रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक, साथ ही केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

इस वर्ष, सम्मेलन का विषय विकसित भारत: सुरक्षा आयाम है। विचार-विमर्श, नए युग की चुनौतियों से नागरिकों की सुरक्षा के लिए अगले स्तर के सुरक्षा ढाँचे विकसित करने पर केंद्रित है।

सुकमा: आंध्र प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि इस भिड़ंत में कई नक्सली मारे गए हैं।

बस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने पुष्टि की है कि आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम जिले के मरेडपल्ली में मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़ में 1 करोड़ का इनामी नक्सली कमांडर हिडमा मारा गया है। इस मुठभेड़ में कुल छह नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिली है। आईजी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में हिडमा की पत्नी राजे, जिस पर 40 लाख रुपये का इनाम था, भी शामिल है।

कम से कम 26 बड़े घातक हमलों का जिम्मेदार था हिडमा

हिडमा देश में हुए कम से कम 26 बड़े और घातक हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता था। 2013 के दरभा घाटी नरसंहार और 2017 के सुकमा हमले सहित कई हमलों में उसकी केंद्रीय भूमिका रही थी। वह लंबे समय से सुरक्षा बलों की निगरानी में था।

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम भीषण रेल हादसा हुआ। गेवरा रोड से बिलासपुर जा रही एमईएमयू पैसेंजर ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे बड़ी जनहानि हुई। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत-बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

हादसे की वजह बनी सिग्नल की गलती

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रेन ने ‘सिग्नल ओवरशूट’ किया था। यानी, चालक ने रेड सिग्नल पार कर दिया और ट्रेन सामने खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए, वहीं ओवरहेड वायर और सिग्नल सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने मिलकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। देर रात तक कई यात्रियों को ट्रेन के डिब्बों से बाहर निकाला गया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख