रायपुर: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें 10 नक्सलियों के ढेर होने की खबर है। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है और रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। कुछ नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक मारे गए नक्सलियों में सीसी सदस्य मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण भी शामिल है, जो संगठन का बड़ा चेहरा माना जाता था। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने ये भी बताया कि गरियाबंद में गुरुवार (11 सितंबर) सुबह से नक्सल विरोधी अभियान जारी है। सुबह से ही मुठभेड़ चल रही है। रायपुर के पुलिस महानिरीक्षक ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
नारायणपुर में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर
वहीं छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 16 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इन नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया।
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि सभी 16 नक्सली निचले स्तर के कैडर थे और जनताना सरकार, चेतना नाट्य मंडली और माओवादियों की पंचायत मिलिशिया के सदस्यों सहित विभिन्न इकाइयों से जुड़े थे।
दंतेवाड़ा में 2 जवान घायल
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में गुरुवार (11 सितंबर) को नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे इंद्रावती नदी पर बने सातधार पुल के पास हुई, जब सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन का एक दल मालेवाही थाना क्षेत्र स्थित अपने शिविर से एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर निकला था।






