ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

चंडीगढ़: सतलज-यमुना लिंक नहर को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच विवाद गहराने लगा है। पंजाब विधानसभा में बिल पास होने के बाद अकाली दल और कांग्रेस के नेताओं में नहर को मिट्टी से पाटने की होड़ मच गयी है, वहीं हरियाणा विधानसभा में भी इस मुद्दे पर विपक्ष ने भाजपा सरकार को घेरा। पंजाब की सतलज नदी का पानी हरियाणा तक पहुंचाने के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च करके बनी नहर में मिट्टी भरने का काम कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि अकाली दल सरकार की नीयत ख़ोटी है इसलिए मैंने ऐलान किया है कि जो जितनी ज़मीन के मालिक हैं वो उस पर क़ब्ज़ा कर लें, पंजाब के लोग इकट्ठा होकर इस नहर को बराबर कर दें ताकि जो बिल पास हुआ है उसको हम लोग ख़ुद ही लागू कर लें। नहर की ज़मीन किसानों को लौटाने के पंजाब विधानसभा के फैसले पर अभी तक राज्यपाल ने अपनी मुहर नहीं लगाई है। लेकिन बादल सरकार ने हरियाणा सरकार को नहर पर खर्च हुई रकम लौटने की तैयारी कर ली है।

नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार रात पंजाब के नेताओं के साथ एक मैराथन बैठक की ताकि 2017 के राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति तैयार की जा सके। शाम सात बजे शुरू हुई यह बैठक चार घंटे से ज्यादा चली। इस बैठक में जाने-माने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) भी मौजूद थे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रमुख प्रताप सिंह बाजवा, राजिंदर कौर भट्टल, शमशेर सिंह दुल्लो और पार्टी की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, कई सांसद और पूर्व सांसद इस बैठक में मौजूद थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता जगमीत सिंह बरार का इस बैठक में मौजूद न होने से कई कयास लगाए जा रहे हैं। बैठक के दौरान पंजाब के करीब 30 नेता मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने इस बात पर चर्चा की कि आम आदमी पार्टी का मुकाबला कैसे किया जाए, जो पंजाब में एक उभरती हुई ताकत है। बैठक में युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब बीते दो मार्च को ही उत्तर प्रदेश के नेताओं के साथ किशोर ने ऐसी ही एक बैठक की थी। कांग्रेस एक दशक से पंजाब की सत्ता से बाहर रही है।

चंडीगढ़: स्वाइन फ्लू से पंजाब में अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है और पिछले एक महीने में ही राज्य में एच1एन1 विषाणु से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ग्रोवर ने कहा, 'पंजाब में स्वाइन फ्लू से अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है। कल तक पॉजीटिव मामलों की संख्या 163 थी।' उन्होंने कहा कि अधिकतर मौत बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, लुधियाना, मोगा और मुक्तसर जिले में हुई हैं। इसी बीच, पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी स्वाइन फ्लू से पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो हिसार से और एक-एक मौत जींद, फतेहाबाद और सिरसा जिले से होने की खबर है। यह जानकारी हरियाणा राज्य निगरानी अधिकारी डॉ. अपराजिता सोंध ने दी। उन्होंने कहा कि कल तक पॉजीटिव मामलों की संख्या 59 थी।

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कार पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि मुख्यमंत्री इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। केजरीवाल का पंजाब का पांच दिवसीय दौरा सोमवार को समाप्त होगा। उन्होंने ट्वीट कर इस हमले की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि लुधियाना में मेरी कार पर पत्थरों और डंडों से हमला किया गया। मेरी कार की आगे का कांच टूट गया है। बादल और कांग्रेस परेशान हैं? वह मेरे आत्मविश्वास को नहीं तोड़ सकते। आप के नेता आशीष खेतान ने इस हमले को 'सुनियोजित' करार देते हुए कहा कि गुंडों ने केजरीवाल की कार पर पत्थरों और रॉड से हमला किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। केजरीवाल ने कहा कि हमलावरों ने केजरीवाल पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन भगवान की कृपा से उन्हें कोई हानि नहीं पहुंची।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख