ताज़ा खबरें
ज्ञानेश कुमार को हटवाइए, 30 सेकंड में रुक जाएगा आंदोलन: राहुल
मानहानि मामले में राहुल गांधी बरी, अमित शाह पर टिप्पणी का था केस
जामिया यूनिवर्सिटी में दो दशक बाद छात्र संघ चुनाव कराने का एलान
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे

लखनऊ: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज (गुरूवार) भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देश की प्रगति रोकने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस उनके इरादों को कामयाब नहीं होने देगी। राहुल ने यहां पार्टी की प्रदेश इकाई की तरफ से आयोजित ’दलित नेतृत्व विकास सम्मेलन’ में कहा कि भाजपा और संघ अपनी प्रतिगामी विचारधारा थोपकर देश की प्रगति को रोकने की कोशिश में जुटे हैं। देश में कांग्रेस और आरएसएस की लड़ाई चल रही है और कांग्रेस इस संगठन के इरादों को कामयाब नहीं होने देगी। राहुल ने कहा कि एक तरफ अम्बेडकर ने जो संविधान दिया, उसमें हिन्दुस्तान के हर व्यक्ति को अवसर दिया गया है, मगर दूसरी तरफ आरएसएस मनुवादी सोच थोपना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ देश की शिक्षा व्यवस्था में अपनी विचारधारा को थोपना चाहते है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की सूची देखने से यह बात स्पष्ट हो जायेगी। राहुल ने यह भी कहा कि केन्द्र में सत्तारूढ मोदी सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा को व्यवसाय बनाना चाहती है।

बलिया: भारतीय जनसेवा संस्थान व व्यापारियों द्वारा स्थानीय गांधी पार्क में आयोजित स्वागत समारोह में 351 गरीब बेटियों की शादी कराकर इतिहास रचने वाले विधायक उमाशंकर सिंह का स्वागत किया गया। इस मौके पर विभिन्न समाज के लोगों द्वारा विधायक को चांदी का मुकुट, गदा, अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह, मानपत्र उपाधि प्रतीक एवं भारी-भरकम फूल मालाओं से सम्मानित किया गया। विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करने एवं गरीब बेटियों की शादी कराने में हमें अनंत सुख की अनुभूति होती है। कहा कि इसी प्रकार का सहयोग आप सभी का मिलता रहा तो इससे भी बड़ा गरीब बेटियों की शादी का कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र का नाम देश में ही नहीं विदेशी मुल्कों में ऊंचा करने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन लोकसेवा के लिए ही होता है, इस संदेश को आत्मसात कर हमने अपना पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज (मंगलवार) दावा किया कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव और राजनीति के कार्य कर रही है और राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के लिए मेट्रो परियोजना मंजूर की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में राज्यपाल के संयुक्त संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘‘हमने चुनावी घोषणापत्र में किये गये वायदों को ही नहीं पूरा किया है बल्कि आवश्यकता के अनुरूप अन्य परियोजनाएं भी शुरू की हैं। मेट्रो घोषणापत्र में नहीं थी लेकिन हम स्वच्छ शहरी परिवहन व्यवस्था देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।’’ अखिलेश ने कहा कि भाजपा के सदस्य समझ सकते हैं कि बिना किसी भेदभाव और राजनीति के हम किस तरह शहरी परिवहन व्यवस्था पर कार्य कर रहे हैं।

लखनऊ: अखिलेश सरकार ने कानपुर व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मेट्रो परियोजना को मंजूरी दे दी है। कानपुर व वाराणसी में मेट्रो रेल परियोजना का काम दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) मॉडल पर कराया जाएगा। परियोजना पर 50 फीसदी केंद्र व 50 फीसदी राज्य सरकार खर्च करेगी। राज्य सरकार अपनी हिस्सेदारी इक्विटी से भी एकत्र कर सकेगी। मेट्रों रेल परियोजना को गति देने के लिए विशेष प्रयोजन साधन (एसपीवी) गठन पर निर्णय मुख्यमंत्री करेंगे। कैबिनेट ने इसके लिए उन्हें अधिकृत किया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हुआ। राज्य सरकार लखनऊ की तरह कानपुर, वाराणसी, मेरठ व आगरा में भी मेट्रो चलाना चाहती है। इन चारों शहरों में मेट्रो के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। मेट्रो के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी केंद्र की अनुभवी व विशेषज्ञ संस्था राइट्स को दी गई है। राज्य सरकार इन चारों शहरों में मेट्रो रेल परियोजना पर जल्द काम शुरू कराना चाहती है। कानपुर व वाराणसी मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण, संचालन व अनुरक्षण के लिए भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय को जल्द प्रस्ताव भेजने का फैसला हुआ।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख