ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

भोपाल: फेसबुक पर जवाहरलाल नेहरू की प्रशंसा करने पर जिला कलक्टर पद से हटाए गए आईएएस आधिकारी अजय सिंह गंगवार को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जनक्रांति की हिमायत करने वाली टिप्पणी को कथित तौर पर लाइक करने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। राज्य की बीजेपी सरकार ने गंगवार को ई-मेल के जरिये सोमवार को यह नोटिस भेजा। आईएएस अधिकारी ने जनवरी माह में प्रधानमंत्री के खिलाफ फेसबुक पर एक पोस्ट 'मोदी के खिलाफ जनक्रांति होनी चाहिए' को कथित तौर पर लाइक किया था। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने बड़वानी के कलेक्टर गंगवार का फेसबुक पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रशंसा करने के बाद 26 मई को कलेक्टर पद से प्रदेश के मंत्रालय में उप सचिव पद पर तबादला कर दिया था। हालांकि, गंगवार ने कहा, 'उन्होंने 23 जनवरी 2016 को मोदी के खिलाफ फेसबुक पर न तो कोई पोस्ट किया है और न ही किसी पोस्ट को लाइक किया है, जिसके लिए उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा नोटिस जारी किया गया है।' गंगवार ने कहा, 'अगर मैंने 23 जनवरी को फेसबुक पर कुछ पोस्ट किया है या किसी पोस्ट को लाइक किया है, तो कारण बताओ नोटिस जारी करने में इतना समय क्यों लिया गया।

बैतूल: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा पर किसानों को संकट में डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में मंहगाई में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है जिससे आम जनता बेहद परेशान है। सिंधिया और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव ने आज यहां 30 मई को होने वाली घोड़ाडोंगरी विधानसभा उपचुनाव के लिये कांग्रेस उम्मीदवार प्रतापसिंह उइके के समर्थन में चिचोली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जब तक कांग्रेस की सरकार थी किसानों के हाथ भरे थे। जब से भाजपा की सरकार आई है, किसान के हाथ खाली हो गए हैं। मोदी सरकार आने के बाद मंहगाई में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और इससे आम जनता बेहद परेशान है।’’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीहोर के शेरपुर में प्रधानमंत्री मोदी की सभा के लिए खेतों को साफ किया गया था, उसका कोई मुआवजा किसानों को नहीं दिया गया, ऊपर से किसानों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को जनता का पुजारी कहते हैं और उसी जनता को लूटने का काम कर रहे हैं।

भोपाल: उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ के समाप्त होने के दो दिन पहले जैसे को तैसा की तर्ज पर भाजपा को जवाब देते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश से आये उच्च जाति के लगभग 5,000 हिन्दुओं ने शुक्रवार को क्षिप्रा नदी में पवित्र स्नान किया। भाजपा के उज्जैन सिंहस्थ कुंभ में ‘समरसता स्नान’ के ठीक 10 दिन बाद बसपा ने शुक्रवार उज्जैन में यह सद्भावना यात्रा का कार्यक्रम किया। समरसता स्नान में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दलित साधुओं के साथ क्षिप्रा नदी में स्नान किया था और उनके साथ भोजन किया था। इस कार्यक्रम को भाजपा ने समरसता स्नान के नाम से प्रचारित किया था, लेकिन बाद में इस कार्यक्रम में यह कहते हुए बदलाव किया था कि स्नान और भोजन कार्यक्रम में हिन्दू समुदाय के अन्य लोग भी शामिल होगें। उत्तरप्रदेश के बलिया जिले की रासरा विधानसभा क्षेत्र के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह द्वारा की गई दो विशेष ट्रेनों के जरिये उच्च जाति हिन्दू कुंभ में शामिल होने के लिये उज्जैन आये हैं। सिंह ने फोन पर बताया, 'मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिये दो विशेष ट्रेनें बुक की और करीब 6000 श्रद्धालुओं जिनमें अधिकांश उच्च जाति के हिन्दू शामिल हैं, को कुंभ स्नान के लिये उज्जैन भेजा। उन्होंने कहा- 'इन श्रद्धालुओं ने क्षिप्रा में स्नान किया। मैं गुरुवार को वहां स्नान कर दिल्ली वापस आ गया हूं।' उन्होंने कहा कि इन श्रद्धालुओं को सद्भावना यात्रा के तहत उज्जैन भेजा गया। उन्होंने कहा कि हमने सभी जाति के श्रद्धालुओं को कुंभ की यात्रा पर रवाना किया है लेकिन इनमें 80 प्रतिशत श्रद्धालु उच्च जाति के हैं।

उज्जैन: खुद के रास्ते को दूसरों के रास्ते से सही मानने के भाव को पृथ्वी के तापक्रम में वृद्धि और आतंकवाद जैसी भीषण समस्याओं की जड़ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत अंतरद्वन्द्व से जुड़े वैश्विक मसलों को हल करने में प्रतिनिधि भूमिका निभा सकता है, क्योंकि इस मुल्क के लोगों में टकरावों के प्रबंधन की जन्मजात क्षमता है। मोदी ने उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ मेले की पृष्ठभूमि में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘अंतरराष्ट्रीय विचार महाकुंभ’ के समापन समारोह में कहा, ‘दुनिया पृथ्वी के तापक्रम में वृद्धि और आतंकवाद की दो भीषण समस्याओं से जूझ रही है। इन समस्याओं के मूल में यह भाव है कि मेरा रास्ता तेरे रास्ते से सही है। यही भाव और विस्तारवाद दुनिया को टकराव के रास्ते पर धकेलता जा रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘दुनिया टकरावों के समाधान के लिये बड़े.बड़े सेमिनार कर रही है। लेकिन उसे इनका हल नहीं मिल रहा है। लेकिन हम भारतीयों में टकरावों के प्रबंधन की जन्मजात क्षमता होती है। हम विश्व को रास्ता दिखा सकते हैं। हम हठवादिता से बंधे लोग नहीं हैं. हम अपने दर्शन की परंपराओं से बंधे लोग हैं।’ प्रधानमंत्री ने मिसाल देते हुए कहा, ‘हम भगवान राम की पूजा करते हैं जिन्होंने अपने पिता की आज्ञा का पालन किया था, वहीं हम भक्त प्रहलाद की भी पूजा करते हैं जिन्होंने अपने पिता के आदेश का अनादर किया था।’

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख