लखनऊ (जनादेश ब्यूरो): यूपी विधानसभा में बुधवार को अनुपूकर बजट पेश किया गया है। अनुपूरक बजट पर चर्चा करने के लिए जैसे ही सीएम योगी बोलने के लिए खड़े हुए विपक्षी विधायकों खासकर सपा के सदस्यों ने हंगामा कर दिया। वह राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर पहले चर्चा करना चाह रहे थे।
सीएम की तस्वीर दिखाने पर सपा विधायक पूरे सत्र के लिए निलंबित
जब सीएम योगी इस अनुपूरक बजट पर चर्चा कर रहे थे उसी दौरान एक सपा विधायक सचिन ने सीएम से जुड़ी कोई तस्वीर दिखाई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना नाराज हो गए। उन्होंने उनको सदन से बाहर करने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि इन्हें पूरे सत्र के लिए सदन से बाहर किया जा रहा है।
नाराज सतीश महाना ने कहा कि वह दोबारा ऐसा करते हैं तो विशेषाधिकार नोटिस लाकर उनकी सदस्यता खत्म कर देंगे। सपा के हंगामे के दौरान उन्होंने फिरोजाबाद के जसराना से विधायक सचिन यादव को तत्काल बाहर जाने के लिए कहा।
विधायक सचिन मुख्यमंत्री की तस्वीर पर नारा लिखकर हंगामा कर रहे थे। इसी बात पर सतीश महाना नाराज हो गए। उन्होंने एथिक्स कमेटी को शिकायत भेजकर उनकी सदस्यता तक रद्द कराने के प्रस्ताव की अनुशंसा करने की धमकी दे दी। इसके बाद कल सुबह 11 बजे तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया गया।
सदन में सीएम योगी बोले- ये शर्मनाक है आचरण
सीएम योगी ने हंगामे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह आचरण शर्मनाक है। अनुपूरक बजट का एजेंडा पहले ही तय हो गया था। इस पर विरोधी दलों के लोगों ने रुचि नहीं ली। बल्कि दूसरे मुद्दों पर वह व्यवधान डाल रहे हैं।
सदन में सीएम योगी ने कहा कि जनता के मुद्दों पर चर्चा हो, इसके लिए सभी सदस्यों के पास मौका था। लेकिन, इनका न चर्चा पर विश्वास है, न सांविधानिक मूल्यों पर। इसीलिए ये लोग अव्यवस्था फैला रहे हैं।
ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के लिए इतना बजट
ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए ग्राम्य विकास विभाग को ₹8,103.51 लाख राजस्व तथा ₹14,18,471.95 लाख (लगभग ₹14,184.72 करोड़) का पूंजीगत आवंटन प्राप्त हुआ है। ऊर्जा क्षेत्र (बिजली व्यवस्था) के लिए कुल मिलाकर ₹7,02,227.00 लाख (भारित राशि सहित) राजस्व मद में और ₹40,000.00 लाख पूंजीगत मद में आवंटित किए गए हैं। वहीं स्थानीय निकायों और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए पंचायती राज विभाग को ₹15,633.00 लाख का राजस्व तथा ₹13,998.00 लाख का पूंजीगत बजट प्रदान किया गया है।
कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों के लिए ₹13,237.76 लाख का बजट
कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों की बात करें तो कृषि विभाग को ₹13,237.76 लाख राजस्व और ₹15,900.00 लाख पूंजीगत विकास के लिए दिए गए हैं। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के हिस्से में ₹24,480.37 लाख राजस्व और ₹1,005.02 लाख पूंजीगत आवंटन आया है। पशुपालन विभाग के लिए ₹2,497.84 लाख राजस्व व ₹4,486.66 लाख पूंजीगत, दुग्ध विकास विभाग के लिए ₹20,425.10 लाख राजस्व, मत्स्य विभाग के लिए ₹300.00 लाख राजस्व व ₹600.00 लाख पूंजीगत, तथा भूमि विकास एवं जल संसाधन विभाग को ₹200.00 लाख का राजस्व बजट मंजूर हुआ है।






