चित्रदुर्ग: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। हिरियूर तालुक के गोरलट्टू गांव के पास नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 12 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब बेंगलुरु से गोकार्णा जा रही एक स्लीपर कोच बस सामने से आ रही तेज रफ्तार लॉरी से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि बस बेंगलुरु से यात्रियों को लेकर गोकार्णा के लिए रवाना हुई थी। तड़के करीब 2 बजे के आसपास, जब बस गोरलट्टू गांव के पास पहुंची, तभी हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रही एक लॉरी अचानक सड़क के डिवाइडर को पार कर विपरीत दिशा में आ गई। देखते ही देखते लॉरी की बस से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी स्लीपर कोच को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में ट्रक का भी कुछ हिस्सा जल गया और ट्रक ड्राइवर समेत 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। बस में ड्राइवर और कंडक्टर सहित कुल 32 लोग सवार थे।
बस में मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस के भीतर चीख-पुकार शुरू हो गई। कई यात्री सीटों से गिर पड़े और किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। एक यात्री ने बताया कि टक्कर के झटके से वह नीचे गिर गया था, लेकिन उसने शीशा तोड़कर किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका। वे बस के अंदर ही फंस गए और जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
12 यात्रियों की मौत, कई गंभीर घायल
इस दर्दनाक हादसे में 12 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इसके अलावा कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए हिरियूर और चित्रदुर्ग के जिला अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
पीएम ने की दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, 'कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुःख हुआ है। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
पोस्ट में कहा गया है, 'प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'






