हासन: कर्नाटक के हासन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। होलेनरसीपुरा के मोसले होसहल्ली के पास गणपति विसर्जन के जुलूस में एक भारी मालवाहक ट्रक घुस गया। एनएच-373 पर हुए इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोगों की अस्पताल में मौत हो गई। इस हादसे में अब तक 8 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक गंभीर रूप से घायल 8 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के मुताबिक, जश्न और भक्ति के माहौल में निकले गणपति जुलूस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस हादसे को लेकर अपनी संवेदना जाहिर की है। उन्होंने कहा, 'हासन तालुका में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुए भीषण हादसे की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा पहुंचा है।'
उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह बेहद दुखद है कि गणपति जुलूस के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से श्रद्धालुओं की जान चली गई।
'राज्य सरकार घायलों का कराए सही उपचार'
पीड़ितों की ओर संवेदना जाहिर करते हुए एचडी कुमारस्वामी ने कहा, 'यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार घायलों को सही निःशुल्क उपचार प्रदान करने के लिए कदम उठाए।'






