ताज़ा खबरें
बिना घुसपैठिया मुद्दा उठाए कौन सा चुनाव लड़ती है बीजेपी?: अखिलेश
ज्ञानेश कुमार को हटवाइए, 30 सेकंड में रुक जाएगा आंदोलन: राहुल
मानहानि मामले में राहुल गांधी बरी, अमित शाह पर टिप्पणी का था केस
जामिया यूनिवर्सिटी में दो दशक बाद छात्र संघ चुनाव कराने का एलान

वायनाड (केरल): केरल के वायनाड में मंगलवार की सुबह लोगों की आंखें तबाही के मंजर के साथ खुलीं। पहाड़ी इलाके में भारी बारिश और फिर आए सैलाब ने ऐसा कहर बरपाया कि सब कुछ बह गया। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक वायनाड में हुए भूस्खलन में मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया है। ताजा जानकारी के अनुसार हादसे में कुल 123 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 128 से ज्यादा घायल हैं। इसमें बच्चे भी शामिल हैं। मलबे में सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। 

केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन पर राज्य के मुख्य सचिव डॉ. वी. वेणु ने कहा कि 'स्थिति अभी भी बहुत गंभीर बनी हुई है। अस्पतालों में 70 से अधिक शव पहुंच चुके हैं। लेकिन हमें खबर मिली है कि अभी भी कई लोग लापता हैं और हताहतों की संख्या बढ़ सकती है...एक छोटी सी टीम नदी पार करके पहुंचने में कामयाब रही है लेकिन हमें मदद पहुंचाने और नदी के दूसरी तरफ बचाव अभियान शुरू करने के लिए और भी लोगों को भेजना होगा...आज और कल रेड अलर्ट है इसलिए हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सकते...एनडीआरएफ पूरी ताकत से वहां मौजूद है, हमारे पास सेना का बैकअप है।'

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक फायर फाइटर्स और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में इस सैलाब की चपेट में कई मकान और गाड़ियां भी आती देखी जा रही हैं।

इस पूरे हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कईयों ने दुख जताया है। यहां तक कि पीएम मोदी ने भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि 70 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो घायल हुए हैं उनके लिए प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान फिलहाल चल रहा है। केरल के सीएम पिनरई विजयन से बात की और वहां की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।'

राहुल गांधी ने भी जताया दुख

वायनाड में स्थित मेप्पाडी के पास की पहाड़ी क्षेत्र में हुए विशाल भूस्खलन पर राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं वायनाड में मेप्पाडी के पास हुए भीषण भूस्खलन से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मुझे उम्मीद है कि जो लोग अभी भी फंसे हुए हैं उन्हें जल्द ही सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।

मैंने केरल के मुख्यमंत्री और वायनाड के जिला कलेक्टर से बात की है, जिन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि बचाव अभियान जारी है। मैंने उनसे सभी एजेंसियों के साथ समन्वय सुनिश्चित करने, एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और राहत प्रयासों के लिए आवश्यक किसी भी सहायता के बारे में हमें सूचित करने का अनुरोध किया है। मैं केंद्रीय मंत्रियों से बात करूंगा और उनसे वायनाड को हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध करूंगा। मैं सभी यूडीएफ कार्यकर्ताओं से बचाव और राहत कार्यों में प्रशासन की सहायता करने का आग्रह करता हूं।

कन्नूर रक्षा सुरक्षा कोर की दो टीमें वायनाड के लिए रवाना

केएसडीएमए की फेसबुक पोस्ट के अनुसार, कन्नूर रक्षा सुरक्षा कोर की दो टीमों को भी बचाव प्रयासों में सहायता के लिए वायनाड जाने का निर्देश दिया गया है। प्रभावित इलाकों के स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख