ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

हैदराबाद: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में पशम्यलारम में ‘सिगाची इंडस्ट्रीज’ के दवा संयंत्र में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सीएम रेड्डी घटनास्थल का दौरा करेंगे।

जिला पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने पत्रकारों को बताया, ‘‘मलबे को हटाते समय उसके नीचे कई शव बरामद किए गए हैं। मलबे से 31 शव निकाले गए हैं, जबकि तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बचाव अभियान का अंतिम चरण अब भी जारी है।’’ स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी मंगलवार सुबह दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे।

इससे पहले, एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया और अधिकारियों को फंसे हुए श्रमिकों को बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाने तथा उन्हें आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने संवाददाताओं को बताया कि जब विस्फोट हुआ तब संयंत्र में लगभग 90 लोग काम कर रहे थे।

संदेह है कि सोमवार का यह भीषण हादसा संभवत: किसी रासायनिक प्रतिक्रिया की वजह से हुआ, जिससे आग भी लग गई।

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक दवा निर्माण कंपनी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की थी।

कंपनी ने कहा कि वह जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करती है और मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है। कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि इकाई का बीमा हुआ था। कंपनी ने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

तेलंगाना राज्य आपदा मोचन और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक वाई नागी रेड्डी ने कहा कि संदेह है कि विस्फोट संयंत्र की सुखाने वाली (ड्राइंग) इकाई में हुआ था। हालांकि, पुलिस महानिरीक्षक (मल्टीजोन) वी सत्यनारायण ने संवाददाताओं से कहा कि यह रिएक्टर विस्फोट का मामला था।

फोटो: सोशल मीडिया से साभार

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख