मुंबई: महाराष्ट्र में महानगरपालिका चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। नगर निगम चुनाव में वोटिंग से पहले एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना को बड़ी बढ़त मिली है। शिंदे गुट के कई शिवसैनिक निर्विरोध विजयी घोषित हुए हैं। इस बीच शिवसेना प्रमुख और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुंबई के लुटेरे तुम हो और उसके रखवाले हम हैं। चुनाव आते ही कुछ लोगों को अचानक मुंबई और मराठी मानुस की याद आने लगती है।
ठाणे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए आगे कहा, ''आज तक मुंबई और मराठी मानुस के लिए वास्तव में क्या किया, इसका जवाब जनता को देना चाहिए। मुंबई का मराठी मानुस उन्हीं के शासनकाल की वजह से मुंबई के बाहर धकेला गया और उसे वापस मुंबई में लाने का काम हम कर रहे हैं।
उन्होंने बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा, ''भावनात्मक मुद्दों के आधार पर मुंबईकरों और मराठी मानुस को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। चुनावी मराठी प्रेम दिखाने के बजाय विकास के काम सामने रखें।"
शिंदे ने कहा, "मुंबई से मराठी मानुस के बाहर जाने के लिए कौन जिम्मेदार है, इसका आत्ममंथन विपक्ष को करना चाहिए।''
नरेंद्र मोदी और अमित शाह को लेकर विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना को निंदनीय बताते हुए शिंदे ने कहा, ''भावनात्मक अपील कर मुंबईकरों और मराठी मानुस को गुमराह करने का प्रयास जारी है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर इस तरह की आलोचना केवल चुनावी राजनीति है।''
ठाणे महानगरपालिका चुनाव को लेकर क्या बोले शिंदे?
ठाणे महा नगर पालिका चुनाव के संदर्भ में शिंदे ने बताया कि शिवसेना-बीजेपी महायुति के 7 नगरसेवक निर्विरोध चुने गए हैं, जो जीत की शुरुआत है। ठाणेकरों ने जीत की नींव रख दी है। उन्होंने सभी निर्विरोध चुने गए नगरसेवकों को बधाई दी और विश्वास जताया कि 15 तारीख को ठाणे महा नगर पालिका पर महायुति का भगवा लहराएगा।
निर्विरोध जीत काम करने का परिणाम: एकनाथ शिंदे
उन्होंने यह भी बताया कि कल्याण–डोंबिवली, जलगांव सहित कई स्थानों पर महायुति के कई नगरसेवक निर्विरोध चुने गए हैं। निर्विरोध जीत काम की पावती होती है। जहां विपक्ष को हार तय नजर आती है, वहां वे नामांकन वापस ले लेते हैं और निर्विरोध चुनाव होता है।
विपक्ष एक भी ठोस विकास का काम दिखाए: शिंदे
मुंबई के विकास पर बोलते हुए शिंदे ने विपक्ष से सवाल किया कि वे एक भी ठोस विकास कार्य दिखाएं। उन्होंने कहा, ''हमने गड्ढामुक्त और कंक्रीट सड़कें बनाईं, मेट्रो परियोजनाएं शुरू कीं, कोस्टल रोड पूरा किया और बंद पड़े प्रोजेक्ट्स को गति दी। प्रधानमंत्री के मुंबई को ग्लोबल फिनटेक हब बनाने के विज़न के तहत महाराष्ट्र को बड़े पैमाने पर निवेश मिला है।''
'महापालिका चुनावों में महायुति को स्पष्ट बहुमत मिलेगा'
मराठी-गुजराती विवाद खड़ा कर हिंदुओं में फूट डालने की कोशिश के सवाल पर शिंदे ने कहा, ''बालासाहेब ठाकरे ने कभी ऐसी राजनीति नहीं की। विकास की राजनीति करें, भावनात्मक मुद्दों पर लोगों को गुमराह न करें।'' इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विश्वास जताया कि महापालिका चुनावों में महायुति को स्पष्ट बहुमत मिलेगा, ठाणे महायुति का गढ़ बना रहेगा और 16 तारीख को राज्यभर में महायुति का भगवा लहराएगा।
शिवसेना के राज्यभर में 19 निर्विरोध उम्मीदवार
ठाणे महानगरपालिका
सुखदा मोरे
जयश्री फाटक
जयश्री डेविड
सुलेखा चव्हाण
शीतल ढमाले
एकता भोईर
कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका
रमेश म्हात्रे
वृषाली जोशी
विश्वनाथ राणे
हर्षल मोरे
ज्योती मराठे
रेश्मा नीचल
जलगांव महानगरपालिका
मनोज चौधरी
प्रतिभा देशमुख
सागर सोनावणे
गौरव सोनावणे
रेखा पाटील
गणेश सोनावणे






