ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

भिवानी (हरियाणा): पहलगाम आतंकी हमले पर भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का विवादित बयान सामने आया है। हरियाणा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि पहलगांव आतंकी हमले में महिलाओं को आतंकियों का मुकाबला करना चाहिए था। महिलाएं हाथ जोड़ने के बदले मुकाबला करती तो कम लोग मरते। शनिवार को भिवानी पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर महिलाओं के अहिल्याबाई और झाँसी की रानी बनकर मुक़ाबला करने की बात कही।

'झांसी की रानी बनकर आतंकियों का सामना करती तो कम लोग मरते'

सांसद रामचंद्र जांगड़ा पहलगाम आतंकी हमले के आरोपियों की पहचान और गिरफ़्तारी के सवाल को टाल गए। उन्होंने कहा कि भले आरोपी ना पकड़े गए पर हमारी सेना ने उनके ठिकानों व आकाओं को नेस्तनाबूद किया है। साथ ही कहा कि पहलगाम में मौजूद सैलानी महिलाएं झाँसी की रानी और अहिल्याबाई बनकर आंतकियों का मुकाबला करतीं तो कम लोग मरते, क्योंकि आंतकी हाथ जोड़ने से नहीं मानते।

सुहाग खोने वाली महिलाओं में वीरांगना का भाव नहीं थाः भाजपा सांसद

भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा, "जिनकी मांग का सिंदूर छीन लिया गया, अगर उन्होंने आहित्याबाई होल्कर का इतिहास पढ़ा होता तो उनके सामने उनके पति को कोई निरपराध ऐसे नहीं मार सकता था। अपना सुहाग खोने वाली महिलाओं में वीरांगना का भाव नहीं था। जोश नहीं था, जज्बा नहीं था। इसलिए 26 ‌‌लोग गोली का शिकार बने।"

अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने युवाओं में वीरता की भावना पैदा करने के लिए एक बहुत बड़ी योजना (अग्निवीर) चलाई। पहलगाम हमले के बाद पूरा देश महसूस कर रहा है कि अगर मोदी देश के युवाओं को जो ट्रेनिंग देना चाहते हैं, वह ट्रेनिंग यात्रियों के पास होती तो 3 आतंकवादी 26 लोगों को नहीं मार पाते।

भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि अगर यात्रियों के हाथ में लाठी, डंडा कुछ भी होता और वे चारों तरफ से आतंकवादियों की तरफ दौड़ते, तो मैं दावा करता हूं कि शायद 5 या 6 लोगों की ही जान जाती, लेकिन तीनों आतंकवादी भी मारे जाते।

डीसी से बहस के लिए दीपेंद्र हुड्डा को बताया अहंकारी

साथ ही सांसद जांगड़ा ने कल रोहतक मीटिंग में कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा व डीसी के बीच प्रोटोकॉल को लेकर हुई बहस पर दीपेंद्र को अहंकारी कहा। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा समय पर मीटिंग में आते तो डीसी उन्हें रिसीव ज़रूर करते।

वहीं कुरूक्षेत्र में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा से भाजपा पार्षद द्वारा मारपीट करने को सांसद जांगड़ा ने गलत बताया। उन्होंने कहा कि भले अरोड़ा कांग्रेस विधायक हों, पर उनकी बात सही थी कि बैठक में प्रतिनिधि ना आएं।

राहुल गांधी विदेश में देश के बारे में गलत बोलते हैंः भाजपा सांसद

रामचंद्र जांगड़ा ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी ज़ुबानी हमला बोला। जांगड़ा ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर अपने देश के बारे में गलत बोलते हैं। ऐसे में राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता और ना राहुल को गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरूर की सराहना की और कहा कि शशि थरूर बुद्धिजीवी हैं और ऑपरेशन सिंदूर के डेलिगेट में शामिल होकर अलग-अलग देशों में पाक की असलियत उजागर कर रहे हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख