ताज़ा खबरें
ज्ञानेश कुमार को हटवाइए, 30 सेकंड में रुक जाएगा आंदोलन: राहुल
मानहानि मामले में राहुल गांधी बरी, अमित शाह पर टिप्पणी का था केस
जामिया यूनिवर्सिटी में दो दशक बाद छात्र संघ चुनाव कराने का एलान
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे

बंगलूरु: बंगलूरु भगदड़ पर कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने बड़ा बयान दिया है। सरकार पर लगते लापरवाही के आरोपों के बीच उन्होंने इवेंट के आयोजन से पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने कहा कि हमने किसी इवेंट का आयोजन नहीं किया, न ही हमने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को बंगलूरु बुलाया। वे खुद ही यहां आए।

दरअसल, भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच जारी अनबन की वजह से जरूरी व्यवस्थाओं में चूक हुई और इतना बड़ा हादसा हो गया।

इन सबके बीच उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच की रिपोर्ट सरकार को आने दीजिए और अगर कोई चूक हुई है, तो जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमने आरसीबी या केसीए से अनुरोध नहीं किया, उन्होंने इसका आयोजन (विजय उत्सव) किया। वे ही टीम को बंगलूरू लेकर आए थे।'

उन्होंने कहा, सरकार को भी लगा कि उन्हें सुविधा देनी चाहिए, क्योंकि यह बगलुरू की टीम थी। मुझे बहुत दुख है कि यह घटना हुई।

प्रियांक खड़गे बोले- हां... गलती हुई

इससे पहले कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा, 'हां, गलती हुई है। बेहतर योजना और समन्वय से इसे टाला जा सकता था। एक स्टेडियम (एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम) जिसकी क्षमता 35,000 लोगों की है, लेकिन 2-3 लाख लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। हालांकि, हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन हम भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पाए। सीएम ने जिम्मेदारी ली है और हम सुधारात्मक कदम उठाएंगे। भाजपा को हर चीज का राजनीतिकरण करना पसंद है। हर चीज का राजनीतिकरण करने की भाजपा की मंशा ठीक नहीं है।'

क्या है मामला?

इससे पहले बंगलूरू में बीते दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की 18 साल में पहली बार आईपीएल चैंपियनशिप जीत के जश्न का मौका था। खिताब जीतने के बाद टीम बुधवार को सम्मान समारोह के लिए बंगलूरू पहुंची। उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था। क्रिकेट प्रेमी अपने नायकों की एक झलक पाने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में लाखों की संख्या में पहुंचे थे। हालांकि, आखिरी समय में किए गए बदलावों और क्रिकेट प्रशंसकों के कम आंकलन के कारण जश्न भयावह हो गया, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख