तिरुवनंतपुरम: एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। आज मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही फ्लाइट को ये धमकी मिलने के बाद तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पूर्ण रूप से इमरजेंसी घोषित कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट सुबह करीब 8 बजे एयरपोर्ट पर उतरी और उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों को फ्लाइट से निकाला गया है।
मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 44 मिनट तक यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमान के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के पास पहुंचने पर पायलट ने बम की धमकी मिलने की जानकारी दी। एयरपोर्ट को सुबह साढ़े सात बजे मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद सुबह सात बजकर 36 मिनट पर हवाई अड्डे को पूरी तरह से आपात स्थिति घोषित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि विमान में 135 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि धमकी की उत्पत्ति और अन्य जानकारी का इंतजार है।
गुजरात-पंजाब के मॉल को भी मिली थी धमकी
बीते दिनों गुजरात, पंजाब और असम के तीन मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी के बाद मॉल को खाली कराया गया और जांच की गई। पंजाब के मॉल में जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद उसी दिन सूरत के एक मॉल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम स्क्वाड दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गया। उसके बाद मॉल की जांच की गई।






