ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के रामनगर में सोमवार (15 दिसंबर, 2025) को भारतीय सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। मी​डिया रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा कि इस मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर का एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है, जबकि एक आतंकवादी के घायल होने की भी आशंका है। वहीं, सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर कई आतंकवादियों को घेर लिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी रुक चुकी है, लेकिन पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने चारों तरफ से घेर लिया है और आतंकवादियों के भागने के सभी रास्ते को बंद कर दिया गया है।

जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ भारतीय सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम कार्रवाई में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद सुरक्षा बलों ने फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने दी ऑपरेशन की जानकारी

जम्मू रेंज के आईजीपी भीम सेन तुती ने इस घटना की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले सटीक इनपुट के आधार पर उधमपुर के मजालता इलाके के सुआं गांव में आतंकवादियों के साथ संपर्क स्थापित हुआ है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘इस ऑपरेशन में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ भारतीय सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम कार्रवाई में जुटी हुई है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।’

सर्च ऑपरेशन में आ रही दिक्कत: आईजीपी जम्मू

IGP जम्मू रेंज भीम सेन तुती ने एक अन्य एक्स पोस्ट में कहा, ‘एसओजी की एक बहुत छोटी टीम ने आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ की। अंधेरा होने और दुर्गम, खतरनाक भूभाग के कारण जंगल में सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।’

सूत्रों के मुताबिक, जम्मू के उधमपुर के बसंतगढ़ के जंगलों में सुरक्षा बलों की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सोमवार (15 दिसंबर, 2025) की शाम करीब 6 बजे घिरे हुए सुआं गांव से गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने छिपे हुए आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने आगे कहा कि घेराबंदी को और मजबूत करने और आतंकवादियों को नियंत्रण में करने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ी को भेजा गया है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख