ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में छात्रों के लिए बनी पांच मंज़िला PG बिल्डिंग के ढहने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। सात लोगों को सुरक्षित निकाला गया है जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मलबे के नीचे दर्जनों लोगों के दबे होने की आशंका के बीच रेस्क्यू टीमें तेज़ी से काम कर रही हैं। पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय ने मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश दिए हैं। इधर, एबीवीपी ने सत्य निकेतन बिल्डिंग ढहने के मामले में एमसीडी कमिश्नर के इस्तीफ़े की मांग को लेकर एमसीडी कार्यालय में तोड़फोड़ की है।

बिल्डिंग ढहने की यह घटना रविवार दोपहर दिल्ली के धौला कुआं इलाके में श्री वेंकटेश्वर कॉलेज के सामने सत्य निकेतन में छात्रों के लिए प्राइवेट हॉस्टल के तौर पर इस्तेमाल हो रही पांच मंज़िला इमारत में हुई। एम्स ने सोमवार सुबह बुलेटिन जारी कर कहा है कि सत्य निकेतन में इमारत गिरने से घायल हुए 10 लोगों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। इन 10 मरीजों में से 5 को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि एक मरीज की बाद में मौत हो गई।

तीन मरीजों को भर्ती किया गया है और उनका इलाज चल रहा है। एक मरीज के अंग की सर्जरी की गई। एक मरीज को मामूली चोट आई थी और निगरानी के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। खबर लिखे जाने तक बचाव दल मलबे को हटाकर जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे थे।

दमकल विभाग को रविवार दोपहर क़रीब 1:35 बजे इस घटना की सूचना मिली। 12 दमकल गाड़ियां वहां पहुँचीं। स्लैब और गर्डर हटाने के लिए मौके पर एक एक्सकेवेटर लाया गया। साइट पर काम कर रही फायर टीमों की मदद के लिए डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमों को भी तैनात किया गया। पुलिस और दमकल की टीमें मलबा हटाकर फँसे लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित है। यहां कई कॉलेज के छात्र किराए के कमरों में रहते हैं।

सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में उस जगह पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा सकती है जहाँ इमारत ढही। स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मलबे में बचे हुए लोगों को निकालने में लगे हुए हैं। ऑनलाइन शेयर किए गए एक वीडियो में, एक व्यक्ति कंक्रीट के स्लैब के नीचे फंसा हुआ दिखा, जबकि कई अन्य लोग उसे उठाने की कोशिश कर रहे थे। रिपोर्टों में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा जा रहा है कि 30-40 लोग फँसे हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया और कहा कि अधिकारी घटनास्थल पर काम कर रहे हैं और प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं। पीएमओ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी घटनास्थल पर काम कर रहे हैं और हादसे से प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं।'

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया और डॉक्टरों व स्वास्थ्य अधिकारियों से बात करके सत्य निकेतन में गिरी इमारत से बचाए गए लोगों की हालत के बारे में जानकारी ली। गुप्ता ने यह भी भरोसा दिलाया कि घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और कहा, 'किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।'

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया है, 'दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं। मेरी अपील है कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुँचें, घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले, ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।'

उन्होंने कहा, 'छात्रों का जीवन पहले ही संघर्षों से भरा था - अब हालात जानलेवा हैं। कॉलेज या विश्वविद्यालय में अच्छे हॉस्टल न होने के कारण छात्र पीजी में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में, अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। हर छात्र की जान कीमती है और उसकी रक्षा हर हाल में होनी चाहिए।'

सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में एक चश्मदीद का कहना है, 'मेरी दुकान पास ही है। हम उसके अंदर बैठे थे तभी अचानक हमें एक आवाज़ सुनाई दी—जैसे भूकंप की गड़गड़ाहट हो। हम तुरंत बाहर भागे; यहाँ बहुत धुआँ और धूल थी। पूरी इमारत गिर चुकी थी। कुछ शव निकाले गए, और उन्होंने चार बच्चों को भी बचाया जो अभी भी सांस ले रहे थे। ...कम से कम 25-30 बच्चे हैं। यहाँ पास में ही लड़कों का पीजी और लड़कियों का पीजी था। 4-5 लोगों को बचाया गया है; 2-3 शव निकाले गए हैं, और और भी शव मिलने की संभावना है।'

सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा है, "आरके पुरम के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से बहुत चिंता है। डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, कैटस और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव कार्य कर रही हैं। एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा लिया गया है। फँसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मदद पहुँचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। हालात पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियाँ आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'

मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि 'हॉस्टल डेज़' नाम का हॉस्टल जिस इमारत में चल रहा था, वह गुड़गांव के रहने वाले हरि ओम की थी। उनके भाइयों - आनंद बंसल और आज़ाद बंसल - के पास इस इमारत के आस-पास अलग-अलग प्लॉट और इमारतें थीं। द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि चल रहे रेनोवेशन के काम और बेसमेंट की खुदाई की वजह से इमारत की नींव कमज़ोर हो सकती है।

एमसीडी ने पास की बिल्डिंग को सील किया

स्थानीय लोगों ने इसके लिए मरम्मत के काम और बेसमेंट में पानी जमा होने को ज़िम्मेदार ठहराया, जबकि एमसीडी का कहना है कि जब तक मलबा नहीं हटाया जाता, तब तक यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि मरम्मत का काम चल रहा था या नहीं।

अधिकारियों के मुताबिक, एमसीडी ने गिरी हुई बिल्डिंग के बगल में मौजूद उस बिल्डिंग से किराएदारों को बाहर निकाल दिया है जिसमें लड़कियों का पीजी चल रहा था और उसे सील कर दिया है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार एमसीडी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पांच मंज़िला बिल्डिंग, जिसमें लड़कों का हॉस्टल था, लगभग 30 साल पुरानी G+4 बिल्डिंग थी। इसे रीसेटलमेंट कॉलोनी में करीब 55 स्क्वायर यार्ड की जगह पर बनाया गया था, जबकि वहां सिर्फ़ G+1 यूनिट बनाने की ही मंज़ूरी थी। अधिकारी ने बताया कि गिरी हुई बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करके बनाई गई थी और वहां सिर्फ़ ग्राउंड फ़्लोर और पहली मंज़िल बनाने की ही इजाज़त थी।

घटना की खबर फैलते ही एनएसयूआई और एआईएसए जैसे छात्र संगठनों के कार्यकर्ता भी मदद के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं। अभी तक हताहतों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आगे की जानकारी का इंतज़ार है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख