नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया है, ये गिरफ्तारी दीपक के आवास पर छापेमारी के बाद हुई है। इससे पहले सुबह दिल्ली और गोवा समेत कई ठिकानों पर ईडी की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। दीपक सिंगला के घर के बाहर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत की गई।
बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और 100 करोड़ के बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में की गई है। कई घंटों तक चली तलाशी और पूछताछ के बाद दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने दिल्ली और गोवा में एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
सुबह से चल रही थी छापेमारी
ईडी की टीम सोमवार सुबह ही सक्रिय हो गई थी। दिल्ली के अलावा गोवा में भी कई स्थानों पर एक साथ रेड डाली गई। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी लंबे समय से इस मामले में वित्तीय लेन-देन और कथित बैंक फ्रॉड की जांच कर रही थी। इसी कड़ी में सोमवार को सर्च ऑपरेशन के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
2024 में भी हुई थी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, दीपक सिंगला के खिलाफ वर्ष 2024 में भी ईडी ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। उस समय भी वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन को लेकर जांच की गई थी। अब एक बार फिर उसी मामले से जुड़े इनपुट और दस्तावेजों के आधार पर एजेंसी ने कार्रवाई तेज करते हुए गिरफ्तारी की है।
दस्तावेज और डिजिटल डेटा खंगाल रही एजेंसी
ईडी फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित मनी लॉन्ड्रिंग और बैंक फ्रॉड नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा रकम का इस्तेमाल किन माध्यमों से किया गया।
राजनीतिक हलकों में हलचल
आप से जुड़े नेता की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। आप के मनीष सिसोदिया ने एक्स पोस्ट में कहा कि ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने पर्सनल गुंडों की तरह इस्तेमाल करके मोदी जी विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं, लेकिन देश की अर्थव्यव्स्था और रुपये की गिरती इज्जत को नहीं संभाल सकते।
वहीं अनुराग ढांडा ने एक्स पोस्ट में कहा कि ईडी बीजेपी की चुनावी विंग बन गई है, इसलिए ड्रग मनी और टेरर फंडस पर कोई काम ईडी नहीं कर पा रही है, जिसके लिए इसे बनाया गया था।
आम आदमीं पार्टी के गोवा सह प्रभारी के यहां रेड ताकि गोवा में पार्टी की चुनाव तैयारियां बाधित हों। बीजेपी सरकार ने गोवा में कुछ काम तो किया नहीं, अब आप से चुनाव में डर लग रहा है?






