ताज़ा खबरें
जामिया यूनिवर्सिटी में दो दशक बाद छात्र संघ चुनाव कराने का एलान
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मौसम करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पूरे क्षेत्र के लिए बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि कुछ समय के लिए हवा साफ हुई थी, लेकिन राजधानी में वायु प्रदूषण एक बार फिर बढ़ गया है। सुबह 7:30 बजे दर्ज किया गया एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 281 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

आईएमडी के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बुधवार तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मंगलवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फ गिरने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर में गरज, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की आशंका है, जबकि कुछ झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

इससे पहले सोमवार को उत्तर भारत में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम कड़ाके की ठंड के बीच संपन्न हुए। इस दौरान न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

सोमवार को दिल्ली का मौसम और प्रदूषण स्तर

इससे पहले सोमवार की सुबह दिल्ली में साफ आसमान और सर्द हवाओं के साथ हुई। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में दो डिग्री से अधिक कम था। वहीं, आयानगर में तापमान सबसे कम 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन के समय राजधानी का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक और रविवार के मुकाबले लगभग पांच डिग्री ज्यादा था।

हालांकि ठंड बनी रही, लेकिन सोमवार को किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई। पूरे दिन मौसम साफ और स्थिर रहा। इस दौरान दिल्ली का AQI 241 रहा, जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख