ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी खुलकर सामने आ गई। शुक्रवार को नाराज कार्यकर्ताओं ने दतिया-झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब तीन किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। वहीं दतिया उपचुनाव में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटने का भारी विरोध हो रहा है। दतिया से भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित सभी पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं पार्टी छोड़ने की चेतावनी भी दी जा रही है।

पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे, पार्टी छोड़ने की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व के फैसले का विरोध करते हुए नारेबाजी की। उनका कहना था कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर घोषित किए गए उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को वे नहीं जानते और इस फैसले से कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी में भूचाल आ गया है।

जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों ने पदों से इस्तीफे के बाद पार्टी छोड़ने तक की चेतावनी दे दी है। उनका साफ कहना है कि 24 घंटे में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो सभी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।

पत्र लिखकर चेताया

भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखा है और साथ ही प्रेस बयान जारी कर कहा कि पार्टी द्वारा दतिया उपचुनाव में लिया गया निर्णय एकतरफा है। इसमें जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं और सुझावों की पूरी तरह उपेक्षा की गई है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर 24 घंटे के भीतर आलाकमान ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी घोषित नहीं किया तो वे और उनके साथ सैकड़ों पदाधिकारी पार्टी के सभी दायित्वों से इस्तीफा दे देंगे। जरूरत पड़ी तो प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी जाएगी। जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा देने वालों की लंबी सूची भी जारी की। इसमें जिला अध्यक्ष सहित सभी जिला पदाधिकारी,जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष,नगर पालिका दतिया अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,बड़ौनी पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष,दतिया विधानसभा के 6 मंडलों के अध्यक्ष,सभी मोर्चा अध्यक्ष,दतिया और बड़ौनी के सभी पार्षदगण और दतिया विधानसभा की 291 बूथों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी शामिल है।

रघुवीर सिंह कुशवाहा ने कहा कि हम सब सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देते हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ही दतिया की पहचान हैं। उनके बिना चुनाव लड़ना संभव नहीं। टिकट घोषणा के बाद से दतिया में विरोध लगातार तेज हो रहा है। पहले कार्यकर्ताओं ने झांसी हाईवे पर 3 किलोमीटर लंबा जाम लगाया। अब संगठन के बड़े पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नरोत्तम मिश्रा ने दशकों तक दतिया को सींचा है। उनके नाम पर ही भाजपा यहां मजबूत हुई। ऐसे में नए चेहरे को थोपना कार्यकर्ताओं का अपमान है।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख