भोपाल (जनादेश ब्यूरो): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मोहन यादव सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर दिए गए एक बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की मंशा वोट चोरी से सरकार बनाने और आमजन से सरकारी सुविधा छीनने की है।
दरअसल, अभी हाल ही में मोहन यादव सरकार के मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा था कि जिन लोगों का मतदाता सूची में नाम नहीं होगा, वे योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाएंगे। इस बयान का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि एसआईआर को लेकर बीजेपी के असली इरादे अब सामने आ गए हैं।
जल्द ही यह आरक्षण खत्म करने की बात भी करेंगे: कमलनाथ
मध्य प्रदेश के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जिनके नाम एसआईआर में शामिल नहीं होंगे, उनका राशन बंद कर दिया जाएगा और आधार कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। सरकार से मिलने वाली सुविधाएं समाप्त कर दी जाएंगी। इसे लेकर कमलनाथ ने कहा कि राजपूत के बयान से स्पष्ट है कि पहले ये लोगों का राशन बंद करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि राशन के बाद मुफ्त इलाज, किसानों को खाद, महिलाओं को मिलने वाली लाडली बहना योजना का पैसा, छात्रवृत्ति और दूसरी सभी सुविधाएं, जो एक नागरिक को मिलनी चाहिए, वे छीनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जाहिर है कि आज यह राशन पानी खत्म करने की बात कर रहे हैं और जल्द ही यह आरक्षण खत्म करने की बात भी करने लगेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राहुल गांधी के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी शुरू से ही एसआईआर को लेकर देश की जनता को आगाह कर रहे हैं। अब बिल्कुल साफ हो गया है कि ये लोग एक तरफ वोट चोरी के जरिए अपनी सरकार बनाना चाहते हैं तो दूसरी तरफ भारतीय नागरिकों के अधिकार छीनना चाहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह भारतीय लोकतंत्र पर सीधा हमला है। जनता को एक बार फिर से गुलाम बनाने की कोशिश है, इसलिए कांग्रेस पार्टी के साथ ही अन्य सभी दलों और देश की जनता को इसके खिलाफ कमर कस लेनी चाहिए।






