रोहतक (हरियाणा): हरियाणा पुलिस की परेशानी कम नहीं हो रही है। एडीजीपी सुसाइड मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि मंगलवार दोपहर रोहतक पुलिस की साइबर सेल के एक एएसआई संदीप का खून से लथपथ शव लाढ़ोत-धामड़ रोड पर एक मकान में मिला है। आशंका है कि उसने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की है। हालांकि डीएसपी का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने व एफएसएल टीम की जांच के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।
एएसआई संदीप ने की आत्महत्या
जानकारी के अनुसार एएसआई संदीप एसपी कार्यालय स्थित साइबर सैल में तैनात थे। मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि संदीप का शव एक मकान में पड़ा है। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट व नीले रंग की जींस पहन रखी थी। साथ ही चारपाई के पास उसका सर्विस रिवाल्वर पड़ा हुआ था। डीएसपी गुलाब सिंह मौके पर पहुंची और एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को जांच के लिए बुलाया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से चार पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज बरामद किया है, जिसमें संदीप ने दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
संदीप ने दावा किया कि पूरण कुमार भ्रष्ट अधिकारी थे, उनके खिलाफ कई सबूत मौजूद थे, और उन्होंने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या की। साथ ही, उन्होंने जातिवाद का सहारा लेकर सिस्टम को 'हाईजैक' करने का आरोप लगाया। संदीप ने अपनी 'शहादत' देकर जांच की मांग की और कहा कि पूरण परिवार को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह घटना IPS पूरण कुमार की आत्महत्या के सात दिन बाद हुई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वहीं, जींद से मृतक के परिजन और ग्रामीण भी रोहतक पहुंच गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को शव सौंपने से इंकार कर दिया है। लोगों की मांग है कि पहले एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए उसी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए प्रशासन को सौंपा जाएगा। बता दें कि एएसआई संदीप ने सुसाइड करने से पहले एक वीडियो बनाया जिसमें उन्होंने दिवंगत एडीजीपी पूरण कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।






