ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

चंडीगढ़: हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद अब प्रदेशभर में विरोध की लहर तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने सोमवार को ऐलान किया है कि वह पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगा। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन वाई. पूरन कुमार के परिवार के समर्थन में किया जाएगा। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश शास्त्री ने बताया कि आज संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ के सेक्टर 24 स्थित अधिकारी के आवास पर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल परिवार को सांत्वना देगा और आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा करेगा।

नरेश शास्त्री ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो संगठन बड़ा और कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आंदोलन की दिशा तय करने से पहले सभी पदाधिकारियों से राय ली जाएगी।

इस बीच, वाई. पूरन कुमार की मौत के बाद लगातार बढ़ते विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है।

महापंचायत की ओर से दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम की समय सीमा पूरी हो रही है, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो सकती है।

हरियाणा में अलर्ट, प्रशासन सतर्क

देर रात मुख्य सचिव कार्यालय के राजनीतिक शाखा की ओर से जारी निर्देशों में सभी डीसी, एसपी, आईजीपी और पुलिस आयुक्तों को कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।

सरकार ने दिए सख्त निर्देश

निर्देशों में कहा गया है कि वाई. पूरन कुमार की मौत से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के चलते राज्य में सामाजिक तनाव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में सभी जिलों के अधिकारी स्थानीय संगठनों और सामुदायिक नेताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें और किसी भी स्थिति पर कड़ी नजर रखें।

सरकार ने यह भी आदेश दिया है कि किसी भी ऐसी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए जो शांति और सौहार्द को प्रभावित कर सकती है। साथ ही स्थिति की नियमित रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजने को भी कहा गया है।

आंदोलन की आहट से प्रशासन में हलचल

नगर पालिका कर्मचारी संघ के आंदोलन की घोषणा के बाद हरियाणा में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। राज्य के कई जिलों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। अधिकारियों को संभावित विरोध प्रदर्शनों और रैलियों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

राहुल गांधी, चिराग पासवान आईपीएस के परिजनों से मिलेंगे

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अमनीत पी कुमार के आवास पर आज पहुंचेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मंगलवार दोपहर में अमनीत के आवास पर पहुंचेंगे और उनके परिजों से मुलाकात करेंगे।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख