चंडीगढ़: हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिमी चौधरी की हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील ने ही शीतल की हत्या की थी और पुलिस से बचने के लिए गाड़ी को नहर में फेंक दिया ताकि ये एक्सीडेंट लगे।
गाड़ी नहर में गिरने का किया ड्रामा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हरियाणवी मॉडल शीतल की चाकू से हत्या करने की बात को स्वीकार किया। आरोपी ने हत्या कर पुलिस पकड़ से बचने के लिए गाड़ी नहर में गिरने का ड्रामा किया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पुलिस मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद करने का प्रयास करेगी।
बता दें कि परिजनों ने 15 जून को थाना मतलौडा में शीतल के लापता होने की शिकायत देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शीतल का शव सोमवार (16 जून) की सुबह सोनीपत के खरखौदा के पास नहर में मिला था।
शूटिंग के लिए गई वापस नहीं लौटी
सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया की थाना मतलौडा में 15 जून को पानीपत की सतकरतार कालोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वे 5 भाई बहन हैं। चौथे नंबर की बहन शीतल उसके साथ रहती है, जो हरियाणवी एल्बम में बतौर मॉडल का कार्य करती थी। 14 जून को शीतल अहर गांव में शूटिंग के लिए गई थी, जो वापिस नहीं आई।
शीतल के रूप में हुई थी शव की पहचान
उन्होंने अपने तौर पर तलाश की जिसका कहीं कुछ पता नहीं चला। महिला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 127(6) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। एसआई संदीप ने बताया कि सोमवार (16 जून) की सुबह सोनीपत पुलिस को खरखौदा के पास नहर में एक महिला का शव मिला था। शिनाख्त कराने पर शव की पहचान शीतल के रूप में हुई थी।
पुलिस ने शव का पीजीआई खानपुर में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया। साथ ही दर्ज मामले में परिजनों के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज आरोपी इसराना निवासी सुनील को पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।






