बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन की वजह से 18 लोगों की मौत हो गई। दरअसल, लैंडस्लाइड की चपेट में एक बस आ गई। इस बस में कुल 30 यात्री सवार थे। लैंडस्लाइड का मलबा बस पर गिरने से यात्री दब गए। आठ लोगों के शव निकाले गए। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। बरठीं के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से बस पर मलबा गिर गया।
सीएम सुक्खु ने हादसे पर जताया दुख
इस घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार (7 अक्टूबर, 2025) की शाम में इस दुर्घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जनहानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘दुर्घटना में हताहत हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे को लेकर जताई संवेदना
इस भयावह हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संवेदना प्रकट की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’






