शिलांग: शिलांग की एक अदालत ने मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी सोनम रघुवंशी और उसके चार सहयोगियों को बुधवार (11 जून, 2025) को 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोनम को मंगलवार (10 जून, 2025) की आधी रात को शिलांग लाया गया, जबकि अन्य आरोपी ट्रांजिट रिमांड पर बुधवार (11 जून, 2025) को पहुंचे।
पूर्वी खासी हिल्स जिले के एसपी विवेक सायम ने बताया, "पुलिस ने सभी आरोपियों की 10 दिन की रिमांड मांगी थी। अदालत ने 8 दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की।"
यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार की गई थी सोनम
बता दें कि, 24 वर्षीय सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके चार साथियों को मध्य प्रदेश के इंदौर से पकड़ा गया। सोनम को मंगलवार देर रात मेघालय लाया गया, जबकि बाकी चारों को बुधवार को ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग लाया गया।
क्राइम-सीन रीक्रिएट करेगी मेघालय पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अदालत से इन सभी आरोपियों की हिरासत मांगी है, ताकि मेघालय के सोहरा इलाके में हत्या की जगह का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) किया जा सके।
23 मई को मेघालय गया था जोड़ा
बता दें कि, इंदौर के रहने वाले व्यापारी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ 23 मई को मेघालय के सोहरा क्षेत्र में छुट्टियां मनाने गए थे। उसी दिन दोनों लापता हो गए थे। कई दिनों की तलाश के बाद राजा का शव 2 जून को एक गहरे गड्ढे में मिला था। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसे साजिशन हत्या का मामला मान रही है।
इंदौर पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनम और राज कुशवाहा के बीच पांच महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। राज ने कबूल किया कि सोनम से अफेयर चार से पांच माह का था। पिता के हार्ट पेशेंट होने से सोनम लव मैरिज नहीं कर पा रही थी। पिता समाज में शादी करना चाहते थे इसलिए उसने राजा से शादी को हां कर ली थी। उसने पहले ही तय कर लिया था कि शादी के बाद राजा को मारकर राज के साथ रहने लगेगी।






