मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों के साथ-साथ निवेश को लेकर भी चर्चा में हैं। अयोध्या में जमीन खरीदने के बाद अब उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे जिले के पास एक और बड़ा निवेश किया है।
16.42 करोड़ रुपए में हुई डील
दरअसल, उन्होंने पुणे के मुलशी तालुका में करीब 25 एकड़ जमीन खरीदी है। यह डील 16.42 करोड़ रुपए में की गई है।
सीआरई मैट्रिक्स के प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, रणबीर कपूर ने पुणे के मुलशी तालुका के पिंपरी गांव में आपस में जुड़ी हुई चार जमीन खरीदी हैं। यह पूरी डील 30 अप्रैल 2026 को रजिस्टर्ड हुई। इन चारों प्लॉट का कुल क्षेत्रफल करीब 1,04,000 वर्ग मीटर यानि लगभग 25.7 एकड़ है। दस्तावेजों में दर्ज जानकारी के मुताबिक, सबसे बड़ा प्लॉट 43,800 वर्ग मीटर का है, जिसे 7.07 करोड़ रुपए में खरीदा गया।
इसके अलावा, 29,900 वर्ग मीटर का दूसरा प्लॉट 4.62 करोड़ रुपए में खरीदा गया। तीसरे प्लॉट का क्षेत्रफल 21,400 वर्ग मीटर है, जिसकी कीमत 3.31 करोड़ रुपए बताई गई है। वहीं, सबसे छोटा 8,900 वर्ग मीटर का प्लॉट 1.39 करोड़ रुपए में खरीदा गया। चारों प्लॉट एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
इस पर रणबीर कपूर ने 82.13 लाख रुपए का स्टाम्प शुल्क भी चुकाया है। हालांकि, इस पूरी डील को लेकर अब तक रणबीर कपूर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






