मुंबई: हिंदी सिनेमा की सीनियर अभिनेत्री शबाना आजमी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अपनी जिंदगी के कुछ यादगार पलों को अपने प्रशंसकों के साथ शेयर करती रहती हैं। सोमवार को अभिनेत्री ने अपने बचपन के दिनों की एक अनदेखी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की।
पोस्ट की गई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में शबाना बच्चों के एक ग्रुप के साथ बैठी नजर आ रही हैं। वहीं, सभी बच्चे कैमरे की तरफ देखते हुए मुस्करा रहे हैं।
अभिनेत्री ने तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "यह तस्वीर मुझे कल सज्जाद जहीर की पोती ने भेजी। यह 1955 की तस्वीर है, जो रेड फ्लैग हॉल में हमारे साथ बिताए गए दिनों की याद दिलाती है।"
अभिनेत्री की इस तस्वीर को उनके चाहने वालों का काफी प्यार मिल रहा है। वहीं, इंडस्ट्री से जुड़े उनके दोस्त भी कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया देने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। दिया मिर्जा ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जबकि दिव्या दत्ता ने लिखा, "ये शरारती बच्ची कितनी प्यारी है।"






