मुंबई: फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मुंबई पुलिस के अनुसार, जिस वक्त फायरिंग हुई थी, उस समय रोहित शेट्टी घर पर ही मौजूद थे। फिल्म निर्देशक और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में वह घर पर मौजूद थे, लेकिन संयोग से सुरक्षित रहे। घटना के समय रोहित अपनी बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर आराम कर रहे थे। जब बाहर से गोलियां चलीं, तब वह घर के अंदर ही थे। इस दौरान उन्हें कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में सिक्योरिटी गार्ड को लगा कि बाहर तेज पटाखे फूट रहे हैं। लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद साफ हो गया कि अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर फायरिंग की थी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई। मुंबई पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच शुरू की और 12 से ज्यादा स्पेशल टीमों का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।
मामले को लेकर रोहित शेट्टी का बयान शनिवार को दर्ज कर लिया गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और जांच पर पूरा भरोसा है।
वहीं, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी खुफिया जानकारी और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस पुणे तक पहुंची। पुणे से पांच संदिग्धों को डिटेन किया गया, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।






