मुंबई: रणवीर सिंह, आर माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल स्टारर फिल्म 'धुरंधर' का नया गाना 'ईजी-ईजी' रिलीज हो चुका है। रिलीज के साथ ही गाना सोशल मीडिया पर छा गया है। पंजाबी सिंगर दिलजीत सिंह दोसांझ की आवाज ने गाने के साथ पूरा न्याय किया है। इस गाने को 'धुरंधर' का 'गैंगस्टर एंथम' कहा गया है।
रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के नए गाने के रिलीज की जानकारी दी है। गाने में रणवीर का एक्शन अवतार देखने को मिल जा रहा है, जो चेहरे पर खतरनाक स्माइल के साथ दुश्मनों को बंदूक से छलनी कर रहे हैं।
गाने में रणवीर के चेहरे पर कई अलग-अलग एक्सप्रेशन देखने को मिल रहे हैं, जो मिनटों में बदल रहे हैं। ये कहना गलत नहीं होगा कि एक्टर ने अपने किरदार को जीवंत करने के लिए पूरी जान लगा दी है। फिल्म के इस गैंगस्टर एंथम को दिलजीत सिंह दोसांझ और शाश्वत सचदेव ने गाया है और रैपर हनुमानकाइंड के रैप ने गाने में जान डाल दी है।
गाने के लिरिक्स भी राज रंजोध और हनुमानकाइंड ने लिखे हैं।
फिल्म 'धुरंधर' रिलीज से पहले ही विवाद में है। फिल्म को लेकर तब विवाद हुआ जब शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाई कोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की, लेकिन कोर्ट ने मामला सेंसर बोर्ड के पाले में डाल दिया। कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को आदेश दिए कि वे फिल्म को सर्टिफिकेट देते हुए इस मामले की भी जांच करें।






